ओलंपिक क्वालिफिकेशन के लिए तय हुए मानदंड

  • भारतीय महिला टीम ने किया क्वालिफाई
  • ओलंपिक में 100 साल बाद लौट रहे क्रिकेट की पुरुष तथा महिला वर्गों की छह-छह टीमें लेंगी भाग

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। लॉस एंजिलिस में 2028 में होने वाले ओलंपिक के क्वालिफिकेशन को लेकर आईसीसी ने मानदंड तय कर दिए हैं। पुरुष और महिला टीमों के लिए अलग-अलग तरह के मानदंड तय हुए हैं। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालिफाई करना है तो वर्ष 2026 के आखिर में आईसीसी टी20 रैंकिंग में एशिया टीमों में शीर्ष पर रहना होगा, जबकि महिला वर्ग में इंग्लैंड में चल रहे विश्व कप की शीर्ष चार टीमें स्वत: क्वालिफाई करेंगी।
क्रिकेट ओलंपिक में 100 साल बाद लौट रहा है और पुरुष तथा महिला वर्गों में छह-छह टीमें भाग लेंगी। विभिन्न महाद्वीपों से चार कोटा स्थान रैंकिंग से तय होंगे। इस मानदंड के तहत ऑस्ट्रेलिया (ओशियाना), दक्षिण अफ्रीका (अफ्रीका) और इंग्लैंड (यूरोप) सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ये कोटा हासिल कर चुके हैं। वहीं, भारतीय महिला टीम (एशिया) भी क्वालिफाई कर चुकी है। कट ऑफ की तारीख 31 दिसंबर 2026 रखी गई है। आईसीसी ने कहा, पुरुष टी20 टीम रैंकिंग में महाद्वीपों के आधार पर सबसे ऊंची रैंकिंग वाली राष्ट्रीय ओलंपिक समिति को ये चार कोटा स्थान आवंटित किए जाएंगे। ओलंपिक में ग्रेट ब्रिटेन हिस्सा लेता है लिहाजा कोटा सिर्फ एक ब्रिटिश देश इंग्लैंड को दिया जाएगा। विभिन्न कैरेबियाई देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले आईसीसी के सदस्य के तौर पर वेस्टइंडीज को आईओसी की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के रूप में मान्यता नहीं मिली है लिहाजा वह ओलंपिक खेलों में भाग लेने या एक ईकाई के रूप में कोटा हासिल करने की पात्रता नहीं रखता।

हार के साथ खत्म हुआ बेन स्टोक्स का करियर

नॉटिंघम । न्यूजीलैंड ने ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 160 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने इतिहास रचते हुए इंग्लैंड की धरती पर तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में पिछडऩे के बाद वापसी करते हुए पहली बार सीरीज जीतने का कारनामा किया। वहीं इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स का अंतरराष्ट्रीय करियर भी हार के साथ समाप्त हो गया। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 438 रन और दूसरी पारी नौ विकेट पर 288 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में इंग्लैंड पहली पारी में 354 रन ही बना सका। दूसरी पारी में उसे जीत के लिए 373 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन पूरी टीम 212 रन पर सिमट गई और न्यूजीलैंड ने मुकाबला 160 रन से जीत लिया। मैच के अंतिम दिन इंग्लैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। जेमी स्मिथ ने 60 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई बड़ा साथ नहीं मिला।

Related Articles

Back to top button