टी20 विश्वकप: भारत-नामीबिया का मैच आज

- मैच से पहले ईशान किशन भी चोटिल, अभिषेक के खेलने पर संशय बरकरार
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। नामीबिया के खिलाफ आज दिल्ली में भारत का मैच होना है। लेकिन उससे पहले पहले भारतीय टीम को एक और झटका लग सकता है। दरअसल, स्टार बल्लेबाज ईशान किशन अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए। बुमराह की खतरनाक यॉर्कर से वह चोटिल हुए। इससे पहले अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे। हालांकि, बुधवार को उन्हें छुट्टी मिल गई। नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले अभ्यास सत्र के दौरान ईशान किशन शानदार लय में नजर आए, लेकिन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की एक तेज यॉर्कर उनके बाएं पैर पर लग गई, जिससे उन्हें थोड़ी देर के लिए मैदान छोडऩा पड़ा। हालांकि, किशन बाद में दोबारा बल्लेबाजी करने लौटे, लेकिन ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिके। बुमराह लगातार दूसरे दिन पूरी रफ्तार से गेंदबाजी करते दिखे, जो टीम इंडिया के लिए राहत की खबर है। अब उम्मीद है कि वह नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं, जो पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मुकाबले से पहले उनके लिए अहम तैयारी साबित होगा। बुमराह ने गेंदबाजी के बाद कैचिंग ड्रिल में भी हिस्सा लिया। वहीं, अभिषेक शर्मा की तबीयत को लेकर संशय बना हुआ है। पेट में संक्रमण के कारण उन्हें दिल्ली पहुंचने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, अगर वह समय पर फिट नहीं हो पाते हैं तो खराब फॉर्म के कारण बाहर चल रहे संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। तिलक वर्मा ने कहा, हमारे पास अभी एक दिन और है। कल तक उनकी स्थिति साफ हो जाएगी, उसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।
वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से हराया
वानखेड़े। टी20 विश्वकप के ग्रूप-सी के अहम मुकाबले में वेस्टइंडीज ने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड को 30 रन से शिकस्त दी। शेरफेन रदरफोर्ड की नाबाद 76 रन की तूफानी पारी और गुडाकेश मोती की घातक स्पिन गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह कैरेबियाई टीम के पक्ष में मोड़ दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 196 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 166 रन पर सिमट गई। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही। टीम ने मात्र 8 रन पर शाई होप और ब्रैंडन किंग के विकेट गंवा दिए। लेकिन आखिरी 10 ओवरों में वेस्टइंडीज ने 117 रन बटोरे, जिससे टीम 196 के मजबूत स्कोर तक पहुंच सकी। 197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत विस्फोटक रही। लेकिन वेस्टइंडीज के स्पिनरों ने मैच का रुख पलट दिया। गुडाकेश मोती ने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट झटके। जिसके चलते इंग्लैंड की टीम 19 ओवर में 166 रन पर सिमट गई।



