गोरखपुर जेल में बंदी ने गमछे से फंदा लगाकर दी जान, चोरी के आरोप में एक माह पहले हुआ था जेल

गोरखपुर जिला कारागार में बंद एक 28 वर्षीय बंदी ने गमछे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर जिला कारागार में बंद एक 28 वर्षीय बंदी ने गमछे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित चांदनी चौक, ईदगाह रोड निवासी शौकत अफरोज उर्फ राजू (28) के रूप में हुई है।

उसे करीब एक माह पहले जीआरपी ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा था। जानकारी के अनुसार, शौकत अफरोज को जीआरपी ने रेलवे स्टेशन से चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेशी के बाद 30 जून को उसे गोरखपुर जिला कारागार भेजा गया, जहां उसे बैरक संख्या-24 में रखा गया था।

बताया गया कि 17 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे उसने बैरक में बनी सीढ़ी के ऊपरी लोहे के हैंडल में गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही साथी बंदियों और बंदी रक्षकों ने जेल प्रशासन को सूचना दी।

सूचना पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद स्वजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर कुशीनगर रवाना हो गए।

सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि जिला कारागार में एक बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button