मोदी कहीं नहीं जाएंगे का नारा बीजेपी का अहंकार : सौरव दास

- सीजेपी नेता ने स्मृति ईरानी पर साधा निशाना
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी की एक पोस्ट को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास ने बीजेपी पर निशाना साधा है, दास ने मोदी कहीं नहीं जाएंगे के नारे को बीजेपी का अहंकार बताया है, बीजेपी अपनी रैलियों में आजकल इसी नारे का इस्तेमाल कर रही है। सौरव दास ने लिखा, मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे। यह किसी नेता द्वारा खुद को लेकर दिखाया गया सबसे बड़ा अहंकार है और लोग इसे नापसंद करते हैं, उन्होंने कहा कि यह गहरी हताशा, भारी डर और हमेशा सत्ता में बने रहने की एक खतरनाक लालसा को उजागर करता है।
बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने रविवार को एक्स पर एक फोटो पोस्ट की थी, जिसमें वो बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ दिख रही हैं. इस फोटो में बीजेपी अध्यक्ष अपने हाथ में एक पोस्टर पकड़े नजर आ रहे हैं. जिस पर लिखा है कि मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे। बीजेपी के इसी नारे पर अब सीजेपी आपत्ति जता रही है. सीजेपी नेताओं ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. ये भी बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने रविवार को दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की रैली को शुरुआत में समर्थन दिया था. साथ ही ये भी बताया था कि सीजेपी का शीर्ष नेतृत्व इस रैली में शामिल नहीं होगा, लेकिन इसे समर्थन देना जारी रखेगा।



