पुलिस चौकी के इतने करीब लाखों की चोरी! वीवो शोरूम से 30 से ज्यादा मोबाइल गायब

गोरखपुर में शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार चौराहे पर शनिवार तड़के चोरों ने वीवो मोबाइल शोरूम को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार चौराहे पर शनिवार तड़के चोरों ने वीवो मोबाइल शोरूम को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस चौकी से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना में चोर 30 से अधिक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। चोरी गए मोबाइलों की कीमत करीब 18 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

शोरूम के मालिक अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि उनकी दुकान केनरा बैंक के सामने स्थित है। शनिवार तड़के चोर शोरूम में घुसे और वहां रखे 30 से अधिक मोबाइल फोन चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की पहचान करने के साथ ही उनके आने-जाने के रास्ते का भी पता लगाने में जुटी है।

पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित मोबाइल शोरूम में लाखों रुपये की चोरी होने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारियों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में जुटी है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button