मिर्ज़ापुर में दर्दनाक हादसा: गंगा स्नान के दौरान चार सहेलियां डूबीं, एक का शव मिला, एक की तलाश जारी
मिर्ज़ापुर में गंगा स्नान के दौरान चार किशोरियां डूब गईं। दो को बचा लिया गया, जबकि एक का शव बरामद हुआ और एक की तलाश जारी है। जानिए चेकसारी घाट पर हुए इस दर्दनाक हादसे की पूरी कहानी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गर्मी के बीच गंगा घाट पर सुकून के कुछ पल बिताने गई चार सहेलियों के लिए यह दिन जिंदगी का सबसे बड़ा हादसा बन गया। मिर्ज़ापुर में गंगा नदी में नहाने के दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हुआ और देखते ही देखते चारों किशोरियां गहरे पानी में समा गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन हर कोशिश सफल नहीं हो सकी।
चेकसारी घाट पर हुआ हादसा
यह घटना मिर्ज़ापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के चेकसारी घाट की है। यहां गांव की चार किशोरियां अंशिका (15), रंजना (14), सोनम (17) और रेखा (16) गंगा में स्नान करने गई थीं। नहाने के दौरान अचानक सभी गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद नाविक और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
दो को बचाया गया, दो लापता
मौके पर मौजूद नाविकों ने तेजी दिखाते हुए सोनम और रेखा को किसी तरह बाहर निकाल लिया। लेकिन अंशिका और रंजना गहरे पानी में चली गईं, जिससे उनकी तलाश शुरू की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
रंजना का शव मिला, घाट पर मचा कोहराम
तलाश के दौरान कुछ समय बाद रंजना का शव गंगा नदी से बरामद कर लिया गया। जैसे ही यह खबर फैली, घाट पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं।
एक किशोरी की तलाश अभी भी जारी
फिलहाल अंशिका की तलाश के लिए पुलिस, गोताखोर और स्थानीय लोग लगातार अभियान चला रहे हैं। तेज धूप और गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण गंगा किनारे डटे हुए हैं।
सावधानी की जरूरत, प्रशासन की अपील
इस घटना ने एक बार फिर गहरे पानी और तेज बहाव में नहाने के खतरों को सामने ला दिया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी में उतरते समय पूरी सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।
रिपोर्ट- संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: उन्नाव में नौकरी का खेल! सिफारिश से बना सचिव? DM ने बैठाई जांच



