UP TET 2026 आज से शुरू, बरेली में 37 हजार अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन का बड़ा प्लान

UP TET 2026 की परीक्षा आज से बरेली में शुरू। 17 परीक्षा केंद्रों पर 37,613 अभ्यर्थी शामिल होंगे। नकल रोकने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात, प्रशासन ने जारी किए जरूरी दिशा-निर्देश।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बरेली में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET 2026) का आयोजन गुरुवार, 2 जुलाई से शुरू हो रहा है। तीन दिन तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर कुल 37,613 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

तीन दिन चलेगी परीक्षा, पहले दो दिन दो पालियों में होगा एग्जाम

परीक्षा का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को किया जाएगा। पहले दो दिन परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी। वहीं, 4 जुलाई को केवल एक पाली में परीक्षा कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग समय से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचने की सलाह दी है।

जानिए किस दिन कितने अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

2 जुलाई की पहली पाली में 7,549 और दूसरी पाली में 7,550 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 3 जुलाई को दोनों पालियों में 7,551-7,551 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं, अंतिम दिन 4 जुलाई को आयोजित एकमात्र पाली में 7,412 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

नकल रोकने के लिए हर केंद्र पर सख्त निगरानी

जिला प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी 17 परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और अन्य अधिकारियों की तैनाती की है। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन तलाशी भी ली जाएगी।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश

परीक्षार्थियों को अपने साथ एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। समय पर केंद्र पहुंचना जरूरी है, क्योंकि निर्धारित समय के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से सभी परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना

यह भी पढ़ें: बदायूं: पुलिस को देखते ही बरसाईं गोलियां, फिर हुआ ऐसा अंत जिसने सबको चौंका दिया

Related Articles

Back to top button