बांदा में आमने-सामने भिड़े दो ट्रेलर, आग में झुलसकर 3 लोगों की मौत
मटौंध थाना क्षेत्र के क्रॉसिंग के पास दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलरों में आग लग गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में भीषण सड़क हादसा हो गया। मटौंध थाना क्षेत्र के क्रॉसिंग के पास दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलरों में आग लग गई।
इस दर्दनाक हादसे में ड्राइवर और क्लीनर समेत कुल 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायल खलासी को इलाज के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि एक ट्रेलर कबरई से गिट्टी लेकर आ रहा था, तभी सामने से आ रहे खाली ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



