पंत के पहले टेस्ट में खेलने पर संशय बरकरार

- ऋषभ न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे मुकाबले से भी बाहर
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋ षभ पंत न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए के तीसरे और आखिरी अनौपचारिक टेस्ट मैच से भी बाहर हो गए हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें इस मुकाबले में नहीं उतारने का फैसला किया गया है। पंत की गैरमौजूदगी से 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाले भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट में उनकी उपलब्धता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पंत को ईरानी कप के दौरान साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी।
इसके बाद वह न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए के पहले दो मुकाबलों से भी बाहर हो गए थे। अब वह सात नवंबर से शुरू होने वाले तीसरे मैच में भी नहीं खेलेंगे। हालांकि, पंत ने स्किल ट्रेनिंग शुरू कर दी है और उन्हें किसी तरह का दर्द भी नहीं है, लेकिन प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उनकी वापसी को लेकर अभी कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं है। पंत के तीसरे मुकाबले से बाहर होने के कारण उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले मैदान पर उतरने और अपनी लय हासिल करने का अहम मौका नहीं मिल पाएगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है, जिसका पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा। पंत अब भारतीय टीम के लिए सिर्फ टेस्ट प्रारूप में खेल रहे हैं। वह वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में अपनी जगह गंवा चुके हैं। ऐसे में टेस्ट सीरीज से पहले उनकी फिटनेस भारतीय टीम के लिए अहम होगी। हालांकि, फिलहाल उनकी वापसी को लेकर कोई आधिकारिक समयसीमा अभी तक सामने नहीं आई है।
रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन चोट के चलते वनडे सीरीज से बाहर
वेलिंगटन। न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज के आगाज से पहले दोहरा झटका लगा है। रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। ये दोनों ही खिलाड़ी इंजरी के कारण पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सके थे। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट को पहले तीन वनडे मैचों के लिए टीम में बुलाया गया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स और ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को भी टीम में शामिल किया गया है। निकोल्स को पहले तीन वनडे मैचों के लिए टीम में लिया गया है, जबकि फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे। तेज गेंदबाज मैट फिशर भी पहले तीन मैचों के लिए टीम का हिस्सा होंगे, जबकि शुरुआत में उन्हें केवल आखिरी दो वनडे मैचों के लिए चुना गया था। मैट हेनरी सोमवार को टीम के साथ जुड़ेंगे। इस दौरान उनके खेलने की स्थिति का आकलन किया जाएगा। हेनरी अपनी दाईं जांघ की मांसपेशियों में हल्की चोट (लो-ग्रेड टियर) के कारण पिछले तीन टी20 मैचों से बाहर थे।



