उन्नाव: नशे में धुत चालक ने मचाया आतंक, स्कॉर्पियो की टक्कर से मचा हड़कंप

उन्नाव के मगरवारा इलाके में शराब के नशे में बेकाबू हुई स्कॉर्पियो कार दुकानों में जा घुसी। हादसे में मोटरसाइकिल और दुकान का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। बताया जा रहा है कि चालक शराब के नशे में था, जिसके चलते स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और घर के बाहर बनी दुकानों में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के मगरवारा इलाके की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए दुकानों में जा घुसी। हादसे में दुकान के बाहर रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

बाल-बाल बची लोगों की जान

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त दुकानों के आसपास लोगों की आवाजाही थी। गनीमत रही कि कोई बड़ा जनहानि हादसा नहीं हुआ, वरना स्थिति और गंभीर हो सकती थी। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए। दुकानदारों ने बताया कि हादसे में दुकान के बाहर रखा सामान टूट गया, जबकि मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में तनाव जैसे हालात बने रहे।

पुलिस ने स्कॉर्पियो को लिया कब्जे में

पीड़ित पक्ष की ओर से सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालक से पूछताछ भी की जा रही है।

बढ़ती लापरवाही पर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। मगरवारा इलाके के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में मौत बनकर टूटा तूफान! 17 लोगों की गई जान, गांवों का संपर्क टूटा

Related Articles

Back to top button