उन्नाव: सरकारी जमीन पर चल रही थी खुदाई! 4PM की खबर के बाद हरकत में आई पुलिस

उन्नाव में 4PM की खबर के बाद कथित अवैध खनन मामले में असोहा थाने में चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई। सरकारी जमीन पर खुदाई और खनन माफियाओं की भूमिका पर उठे सवाल।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  उन्नाव में सरकारी जमीन पर कथित अवैध खनन का मामला सामने आने के बाद आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई की है। 4PM की ग्राउंड रिपोर्ट में मामला उठाए जाने के बाद असोहा थाने में चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इस कार्रवाई से खनन के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

4PM की खबर के बाद दर्ज हुई FIR

मामला उन्नाव की पुरवा तहसील क्षेत्र का है। FIR के मुताबिक, असोहा थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर मिट्टी की अवैध खुदाई किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच की गई। आरोप है कि वहां जेसीबी और डंपर लगाकर मिट्टी की खुदाई और ढुलाई की जा रही थी।

चार लोगों के नाम FIR में शामिल

पुलिस ने इस मामले में पवन कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ जीतू, संजीव कटियार और आदित्य कुमार के खिलाफ FIR दर्ज की है। सरकारी जमीन पर कथित अवैध खनन को लेकर हुई इस कार्रवाई के बाद अब जांच की दिशा और आगे होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

किसके संरक्षण में चल रहा था अवैध खनन?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी जमीन पर मिट्टी की खुदाई आखिर किसके संरक्षण में हो रही थी? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही थी? 4PM ने अपनी ग्राउंड रिपोर्ट में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।

हालांकि, FIR दर्ज होना आरोपों की पुष्टि नहीं है। अब पुलिस जांच में ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल इस कार्रवाई ने अवैध खनन के खिलाफ प्रशासनिक जवाबदेही का सवाल फिर खड़ा कर दिया है।

रिपोर्ट – रंजन, बाजपाई, उन्नाव

यह भी पढ़ें: कुत्ते उठा ले गए नवजात का शव, बांदा में सियासी बवाल; श्याम लाल पाल ने सरकार पर साधा निशाना

Related Articles

Back to top button