चलती कार बनी आग का गोला, गंगा पुल पर मची अफरा-तफरी; सवारों ने कूदकर बचाई जान
उन्नाव के नए गंगा पुल पर चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार सवारों ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई। दमकल ने आग बुझाई, जबकि पुल पर ट्रैफिक रोकना पड़ा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव में नए गंगा पुल पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। गनीमत रही कि कार में सवार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे के बाद पुल पर यातायात रोकना पड़ा और काफी देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी कार
जानकारी के मुताबिक गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के नए गंगा पुल पर कार अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। इसी दौरान अज्ञात कारणों से उसमें आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और कार धू-धूकर जलने लगी। कार में सवार लोगों ने खतरा भांपते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पुल पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची
कार में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए यातायात रोक दिया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटों के कारण पुल पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से दोनों तरफ ट्रैफिक रुक गया।
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल कार में आग लगने के वास्तविक कारण की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित टीम घटना के परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कार सवार लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: असलहा निकाला, कारतूस डाला और फिर चला दी गोली! उन्नाव का वीडियो वायरल



