Unnao News: ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर बड़ा एक्शन, 48 घंटे में 50 लाख से ज्यादा का जुर्माना
उन्नाव में ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। 48 घंटे में 48 ओवरलोड वाहनों समेत 70 से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई हुई और 50 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। बीते 48 घंटों में चली इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से ट्रांसपोर्ट कारोबार और ओवरलोड माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाते हुए दर्जनों वाहनों पर कार्रवाई की। प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
48 ओवरलोड वाहनों पर कसा शिकंजा
जानकारी के मुताबिक, संयुक्त टीमों ने पिछले दो दिनों में 48 ओवरलोड वाहनों को पकड़ा है। इन वाहनों पर परिवहन नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, अधूरी नंबर प्लेट और नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर सड़कों पर दौड़ रहे 41 वाहनों को भी चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
कई विभागों की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
इस बड़े अभियान में पुलिस,परिवहन विभाग, खनन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें शामिल रहीं। कार्रवाई का नेतृत्व ARTO प्रवर्तन संजीव कुमार सिंह ने किया। अधिकारियों के मुताबिक, कई वाहन ऐसे पाए गए जिनकी नंबर प्लेट जानबूझकर छिपाई गई थी या उनमें बदलाव किया गया था ताकि कैमरों और जांच से बचा जा सके।
50 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया
जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि अब तक इस अभियान के तहत 50 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला जा चुका है। साथ ही 70 से ज्यादा वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने साफ कहा कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन अब नंबर प्लेट टेंपरिंग करने वाले वाहनों की अलग से पहचान कर रहा है, जिन पर आगे और कड़ी कार्रवाई की तैयारी है।
ओवरलोडिंग से सड़क हादसों का बढ़ता खतरा
विशेषज्ञों का मानना है कि ओवरलोड वाहन सड़क हादसों की बड़ी वजह बनते जा रहे हैं। अधिक वजन की वजह से वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट या छेड़छाड़ वाली नंबर प्लेट वाले वाहन कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनते हैं, क्योंकि ऐसे वाहनों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है।
प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप
उन्नाव में चल रहे इस विशेष अभियान के बाद ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और नियम तोड़कर वाहन चलाने वालों में बेचैनी बढ़ गई है। कई वाहन चालकों ने कार्रवाई के डर से अपने वाहनों को सड़कों पर उतारना कम कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में जिले के अलग-अलग इलाकों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई
यह भी पढ़ें: उन्नाव में रास्ते के विवाद ने लिया खूनी रूप, महिलाओं समेत दोनों पक्षों में चले डंडे



