उन्नाव में NBW वारंटियों पर मेहरबानी? पुलिस की मौजूदगी में घूम रहे आरोपी, पीड़ित ने लगाई गुहार
उन्नाव के सोहरामऊ में NBW वारंटियों के खुलेआम घूमने और पुलिस संरक्षण के आरोपों से सवाल उठे हैं। पीड़ित ने वीडियो जारी कर सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव में गैर जमानती वारंट (NBW) जारी होने के बावजूद कुछ आरोपियों के खुलेआम घूमने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोहरामऊ थाना पुलिस जिन लोगों को फरार बता रही है, वे पुलिस की मौजूदगी में ही दिखाई दे रहे हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ढाबा संचालक से मारपीट का मामला
मामला ढाबा संचालक से मारपीट और हाथ तोड़ने के आरोपों से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि आशीष टाइगर, रंजीत लोधी, संदीप रावत और हर्षित रावत समेत अन्य लोगों के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हैं। इसके बावजूद आरोपियों के खुलेआम घूमने को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस संरक्षण के आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वारंटियों को पुलिस का संरक्षण मिल रहा है और वारंट का डर दिखाकर आरोपियों से कथित तौर पर समझौते या ‘सेटिंग’ का खेल चल रहा है। विवेचना कर रहे दरोगा एजाज खां पर भी आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो जारी कर मांगी सुरक्षा
पुलिस की मौजूदगी में कथित तौर पर वारंटियों के घूमने को लेकर स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच और पुलिस की भूमिका की जांच की मांग उठाई गई है। अब देखने वाली बात होगी कि सोहरामऊ पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करते हैं।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: गोवा में वैलिड वोटरों की गुहार अनसुनी, चुनाव आयोग पर फिर सवाल



