गोरखपुर में बिजली संकट से हंगामा! गुस्साए लोगों ने JE और लाइनमैन को बनाया बंधक

गोरखपुर के बिछिया में बिजली संकट और लो वोल्टेज से परेशान सैकड़ों लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उपभोक्ताओं ने JE और लाइनमैन को रोक लिया। पुलिस की मदद से देर रात दोनों को बाहर निकाला गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कगोरखपुर के बिछिया इलाके में लंबे समय से बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या झेल रहे लोगों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। हनुमान मंदिर के पास सैकड़ों उपभोक्ता एकत्र हो गए और बिजली विभाग के मौके पर पहुंचे जेई व लाइनमैन को कथित तौर पर रोक लिया। देर रात मोहद्दीपुर सब स्टेशन के एसडीओ ने शाहपुर पुलिस की मदद से दोनों को वहां से बाहर निकलवाया।

इलाके में रातभर पंखे धीमी रफ्तार से चलते रहे। उमस और गर्मी के बीच लो वोल्टेज ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली संकट का असर बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के काम पर भी पड़ा।

ट्रांसफार्मर का लोड नहीं बढ़ने का आरोप

स्थानीय निवासी रमेश मौर्या के मुताबिक, जून में क्षेत्र का लोड बढ़ाया गया, लेकिन हनुमान मंदिर के पास लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई गई। उनका आरोप है कि इसी वजह से लो वोल्टेज की समस्या लगातार बनी हुई है।

वार्ड नंबर 23 के पार्षद चंद्रभान प्रजापति ने बताया कि बुधवार सुबह से ही इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग हनुमान मंदिर के पास पहुंच गए। उपभोक्ताओं ने बिजली व्यवस्था जल्द ठीक कराने की मांग की।

स्थानीय निवासी विजय प्रकाश पांडेय का आरोप है कि सर्वोदय नगर-बिछिया में लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों का आक्रोश बढ़ता गया।

पुलिस की मदद से जेई-लाइनमैन को निकाला गया

मामले की जानकारी मिलते ही मोहद्दीपुर सब स्टेशन के एसडीओ मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए शाहपुर पुलिस की मदद ली गई। देर रात पुलिस की मौजूदगी में जेई और लाइनमैन को लोगों के बीच से बाहर निकाला गया।

उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। देर रात तक इलाके में बिजली संकट को लेकर नाराजगी बनी रही।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर यूनिवर्सिटी में बवाल! नारेबाजी के बीच कुलपति के निकलने का VIDEO चर्चा में

Related Articles

Back to top button