उन्नाव के रिठनई गांव में बिजली कनेक्शन काटने पर बवाल, JE ने लगाया मारपीट का आरोप
अचलगंज विद्युत वितरण खंड के जेई अपनी टीम के साथ बकाया बिजली बिल के कारण कनेक्शन काटने के लिए गांव पहुंचे थे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने पहुंचे जेई (J.E.) और ग्रामीणों के बीच जमकर हंगामा हो गया। मामले में जेई ने दो सगे भाइयों पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि अचलगंज विद्युत वितरण खंड के जेई अपनी टीम के साथ बकाया बिजली बिल के कारण कनेक्शन काटने के लिए गांव पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो सगे भाइयों से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई।
घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई। इस पूरे विवाद का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला अचलगंज थाना क्षेत्र के रिठनई गांव का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट- रंजन बाजपेई “निडर”,उन्नाव



