वेदांता पावर प्लांट बना हादसे का केंद्र, बॉयलर फटने से इतने मजदूर घायल
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया. घटना में 30-40 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि 4-5 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है.

4pm न्यूज नेटवर्क: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया. घटना में 30-40 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि 4-5 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है.
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से अफरा-तफरी मच गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में करीब 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है.
सूत्रों के मुताबिक, हादसे में 4 से 5 लोगों की मौत की भी आशंका जताई जा रही है. हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं. फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है.
दूर तक सुनाई दी बॉयलर फटने की आवाज
दरअसल, हादसा इतना भीषण था कि धमाके की आवाज दूर-तक सुनाई दी. बॉयलर फटने के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. सूत्रों ने बताया कि उस वक्त कई मजदूर वहां ड्यूटी पर तैनात थे. घायलों को आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई मजदूरों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है.
घटनास्थल के लिए रवाना हुए आला अधिकारी
वहीं घटना की सूचना मिलते ही सक्ती जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी सिंघीतराई के लिए रवाना हो गए. सूत्रों के अनुसार, प्लांट के अंदर राहत और बचाव कार्य जारी है. मलबे में अभी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. अभी तक हादसे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया, लेकिन प्रथम दृष्टया इसे
तकनीकी खामी या सुरक्षा मानकों में अनदेखी से जोड़कर देखा जा रहा है.



