गौशाला में लापरवाही! मृत गोवंशों को ट्रैक्टर से घसीटने का वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के  बबेरू ब्लॉक के ग्राम पंचायत भदेदु में संचालित अस्थायी गौशाला को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के  बबेरू ब्लॉक के ग्राम पंचायत भदेदु में संचालित अस्थायी गौशाला को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय मृत गोवंशों को ट्रैक्टर से घसीटकर जंगल की ओर फेंका जा रहा है, जिससे गांव में गंदगी फैल रही है और लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण ने यह वीडियो बनाकर विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति को भेजा। महेश कुमार प्रजापति ने ग्रामीण से बातचीत के बाद बताया कि यह वीडियो शाम लगभग 7:27 बजे का है, जिसमें गौशाला से मृत गोवंशों को ट्रैक्टर से घसीटते हुए ले जाते देखा जा सकता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत ग्राम प्रधान से की तो प्रधान ने उल्टा शिकायत करने वालों को धमकी दी और कार्रवाई कराने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को भी इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे ग्राम प्रधान मनमानी कर रहा है।

इस मामले को गंभीर बताते हुए विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि गौ माता के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

रिपोर्ट- इकबाल, बांदा

Related Articles

Back to top button