सरकारी अस्पताल में शराब पार्टी का वीडियो वायरल, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल स्टाफ द्वारा अस्पताल परिसर के अंदर ही शराब पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिले के बिसंडा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल स्टाफ द्वारा अस्पताल परिसर के अंदर ही शराब पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो अस्पताल के भीतर बने एक चेम्बर का है, जहां कुछ मेडिकल कर्मचारी अपने साथियों के साथ बैठकर खुलेआम शराब का सेवन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि टेबल पर शराब के पैकेट, खाने-पीने का सामान, दवाइयां और मेडिकल उपकरण एक साथ रखे हुए हैं। यह दृश्य न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि सरकारी सेवा की मर्यादा के भी खिलाफ है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि इस वीडियो को खुद मेडिकल स्टाफ के ही किसी सदस्य द्वारा रिकॉर्ड किया गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवालों की बौछार शुरू हो गई।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। उनका कहना है कि बिसंडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से अनुशासनहीनता और लापरवाही का माहौल बना हुआ है। लोगों का यह भी आरोप है कि जहां मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, वहीं स्टाफ अपनी जिम्मेदारियों को नजरअंदाज कर इस तरह की गतिविधियों में लिप्त रहता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित मेडिकल स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। वहीं, यह मामला अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और आम जनता स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठा रही है।
फिलहाल सबकी नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि इस मामले में और कौन-कौन जिम्मेदार है और क्या कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



