प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के खिलाफ उठी आवाज, पीएम से की गई बड़ी मांग

महराजगंज के सोनौली में भाजपा पदाधिकारियों और हिन्दूधर्म गौशाला समिति ने पीएम नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक के मामलों को लेकर युवाओं और सामाजिक संगठनों की चिंता लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में महराजगंज के सोनौली में शुक्रवार को भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और हिन्दूधर्म गौशाला समिति के प्रतिनिधियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नौतनवा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपकर परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व सुरक्षित बनाने की मांग की।

पेपर लीक पर कठोर कार्रवाई की उठी मांग

नगर पंचायत सोनौली के श्रीराम जानकी चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में ज्ञापन के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग रखी गई।

केंद्र सरकार की योजनाओं की भी सराहना

ज्ञापन में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की सराहना भी की गई। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर जोर दिया गया। ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम उपजिलाधिकारी नौतनवा के माध्यम से प्रेषित किया गया।

भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा के मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल, हिन्दूधर्म गौशाला समिति के ओमप्रकाश वर्मा, हरेंद्र जायसवाल, धर्मेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के हितों की सुरक्षा को लेकर एकजुटता का संदेश दिया गया।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में भाजपा पार्षद का चुनाव रद्द, कोर्ट के फैसले से मचा राजनीतिक भूचाल

Related Articles

Back to top button