बांदा में घर पर कब्जा, विरोध किया तो दंपति की पिटाई! एसपी ऑफिस पहुंचा पीड़ित परिवार

बांदा में पुस्तैनी मकान पर कब्जा और विरोध करने पर दंपति से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने एसपी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  बांदा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके पुस्तैनी घर पर अवैध कब्जा कर लिया गया और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। न्याय की उम्मीद में अब यह परिवार सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा है।

मजदूरी से लौटे तो घर पर मिला कब्जा

पीड़िता रुबीना, पत्नी अली मोहम्मद का कहना है कि वह कुछ समय पहले मजदूरी के लिए बाहर गई थीं। जब वह वापस लौटीं, तो देखा कि उनके पुस्तैनी मकान पर किसी और ने कब्जा कर लिया है। उनके मुताबिक, मकान के बाहर से लेकर अंदर तक दीवार खड़ी कर दी गई थी और घर में ताला लगा दिया गया था।

इन लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता ने गीता पटेल, संदीप पटेल, शशांक पटेल समेत अन्य लोगों पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया गया।

विरोध करने पर की मारपीट

पीड़िता के अनुसार, 12 अप्रैल की सुबह जब उन्होंने कब्जे का विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उनके पति अली मोहम्मद के साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीड़ित का बयान

अली मोहम्मद ने बताया,  “हम लोग मजदूरी करने बाहर गए थे। जब लौटे तो देखा घर पर कब्जा हो गया है। विरोध किया तो हमें पीटा गया। हमें सिर्फ न्याय चाहिए।”

एसपी से लगाई न्याय की गुहार

घटना के बाद पीड़ित परिवार सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत दी। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन की कार्रवाई पर नजर

इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि कब तक आरोपियों पर कार्रवाई होती है और पीड़ित परिवार को राहत मिलती है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: बांदा जिला अस्पताल बना अखाड़ा! दवा काउंटर के बाहर जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

Related Articles

Back to top button