बेटा नहीं लड़ सका चुनाव तो मां ने संभाली कमान, कॉलेज पहुंचकर दर्ज की जीत

कुमाऊं विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय भानू प्रताप सिंह चौहान ने अध्यक्ष पद पर बड़ी जीत हासिल की. लेकिन इस जीत के पीछे की कहानी बेहद दिलचस्प है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कुमाऊं विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय भानू प्रताप सिंह चौहान ने अध्यक्ष पद पर बड़ी जीत हासिल की. लेकिन इस जीत के पीछे की कहानी बेहद दिलचस्प है.

उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी (DSB) परिसर में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं. अध्यक्ष पद पर कड़े त्रिकोणीय मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी भानू प्रताप सिंह चौहान ने शानदार जीत दर्ज की. अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम में भानू प्रताप सिंह चौहान को 1,355 वोट मिले.

वहीं, एबीवीपी (ABVP) समर्थित प्रत्याशी शुभम कुमार को 873 वोट तथा तीसरे प्रत्याशी हिमांशु आर्या को महज 283 वोटों से संतोष करना पड़ा. भानू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 482 वोटों के भारी अंतर से पछाड़कर अध्यक्ष पद की कुर्सी अपने नाम की. इस चुनाव में भानू की जीत के साथ ही उनकी मां बीना चौहान की लगन और रणनीति पूरे परिसर में चर्चा का विषय बनी हुई है. बीना चौहान हल्द्वानी नगर निगम के वार्ड नंबर-10 (मल्ली गोरखपुर) की पार्षद हैं.

अपने बेटे को छात्रसंघ अध्यक्ष बनाने के लिए उन्होंने खुद डीएसबी परिसर में एमए राजनीति विज्ञान (MA Political Science) में दाखिला ले लिया ताकि वो कॉलेज में रहकर लगातार प्रचार कर सकें. सोशल मीडिया से लेकर कैंपस के हर कोने तक उन्होंने कमान संभाली और छात्राओं के बीच पहुंचकर भानू के पक्ष में वोट मांगे. बीना चौहान ने कहा कि जब वह पार्षद का चुनाव लड़ रही थीं, तब बेटे ने दिन-रात एक किया था. आज उन्होंने मां का फर्ज निभाया है.

‘बाहरी होने’ के आरोपों पर करारा जवाब

चुनाव प्रचार के दौरान विरोधियों द्वारा भानू और उनकी मां बीना चौहान पर ‘बाहरी’ होने के आरोप लगाए गए थे. नतीजे आने के बाद बीना चौहान ने विरोधियों पर पलटवार करते हुए कहा कि कैंपस के छात्रों ने भानू को 1355 वोट देकर ऐसे अनर्गल सवाल उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दे दिया है.

अन्य पदों के चुनाव परिणाम: जानिए कौन-कौन जीता

महासचिव: कमल कार्की

संयुक्त सचिव (छात्रा आरक्षित): अनुष्का पुरी

कोषाध्यक्ष (छात्रा आरक्षित): सृष्टि रावत

छात्र उपाध्यक्ष: अभिषेक रैकुनी

छात्रा उपाध्यक्ष: कुमकुम जोशी

सांस्कृतिक सचिव: हर्षित जोशी

Related Articles

Back to top button