महिला एशिया कप: भारत ने थाईलैंड को 94 रनों से हराया

- शेफाली का अर्धशतक, नंदिनी और दीप्ति ने लिए तीन-तीन विकेट
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
दुबई। भारतीय महिला टीम ने एशिया कप के अपने पहले मैच में थाईलैंड को हराकर विजयी शुरुआत की है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में थाईलैंड की टीम 16.1 ओवर में 65 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने ये मुकाबला 94 रनों से अपने नाम किया। भारत के लिए इस मैच में शेफाली वर्मा ने जहां बल्लेबाजी में कमाल किया तो वहीं, नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने गेंद से दम दिखाया। दीप्ति ने बिना एक भी रन खर्च किए तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए थाईलैंड की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और उसे शुरुआत से ही झटके पर झटके लगे। कोंचारोएनकाई ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। इसके अलावा थाईलैंड का कोई भी बल्लेबाज दहाई का अंक नहीं पार कर सका। और टीम 65 रन पर आलआउट हो गयी। प्रतिका रावल ने थाईलैंड के खिलाफ मैच से टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया। टॉस से पहले प्रतिका को कैप पहनाई गई। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्रतिका को कैप दी। प्रतिका के चयन को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही थीं, लेकिन वह आज आखिरकार भारत के लिए टी20 डेब्यू करने में सफल रहीं। इससे पहले, थाईलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत के दोनों ओपनर ने सधी हुई शुरू आत दी। शेफाली वर्मा ने शुरुआत से ही दबाव बनाया। हलांकि मंधाना के रूप में भारत को पहला झटका लगा। लेकिन शेफाली ने रन गति कम नहीं होने दीं। शेफाली ने 26 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। भारत की बल्लेबाज अच्छी चल रही थी, लेकिन अचानक 13वें ओवर में उस समय टीम की बल्लेबाजी लडख़ड़ा गई जब शेफाली वर्मा और रिचा घोष का जल्द विकेट गिर गया।और देखते ही देखते 137 रन पर नौ विकेट गंवा दिए। अंत में श्री चरणी और क्रांति गौड़ ने 22 रनों की साझेदारी की, जिससे टीम इंडिया का स्कोर 160 के करीब पहुंचा।
मंधाना सर्वाधिक रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज बनीं
भारत को मंधाना के रूप में पहला झटका लगा जो रन आउट होकर पवेलियन लौट गईं। मंधाना ने 10 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 19 रन बनाए। मंधाना इस मैच में भले ही सस्ते में आउट हुईं, लेकिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा कीर्तिमान बना लिया। मंधाना महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं। मंधाना ने इस मामले में सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया है। बेट्स ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10740 रन बनाए हैं। अब मंधाना उनसे आगे निकल गई हैं। मंधाना से आगे अब भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय करियर में 10868 रन बनाए हैं।



