इनामी गैंगस्टर गुड्डू ढाढ़ी का एनकाउंटर, गोली लगने के बाद गिरफ्तार
गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी वांछित गैंगस्टर गुड्डू ढाढ़ी गिरफ्तार कर लिया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी वांछित गैंगस्टर गुड्डू ढाढ़ी गिरफ्तार कर लिया गया।
सिसई पुल के पास घेराबंदी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपित को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के मुताबिक, पीपीगंज थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत दर्ज मामले में गुड्डू ढाढ़ी वांछित था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुखबिर की सूचना पर पीपीगंज पुलिस और स्वाट टीम ने सिसई पुल के पास उसकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की थी।
पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान गोली गुड्डू ढाढ़ी के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से .12 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पीपीगंज थाने में मुकदमा संख्या 322/2026 के तहत धारा 132, 109 बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गोरखपुर और संतकबीरनगर में दर्ज हैं 16 मुकदमे
पुलिस के अनुसार गुड्डू ढाढ़ी के खिलाफ गोरखपुर और संतकबीरनगर जिले के अलग-अलग थानों में गंभीर धाराओं में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद के निर्देशन और सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह के मार्गदर्शन में हुई। पीपीगंज थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह की टीम और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



