ओमेगा पार्टी हॉल पर पुलिस की कार्रवाई, सात हुक्के समेत तंबाकू और अन्य सामान बरामद

खोराबार थाना क्षेत्र के फॉरेस्ट क्लब स्थित ओमेगा पार्टी हाल में कथित रूप से संचालित अवैध हुक्काबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: खोराबार थाना क्षेत्र के फॉरेस्ट क्लब स्थित ओमेगा पार्टी हाल में कथित रूप से संचालित अवैध हुक्काबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर सात हुक्के, फ्लेवरयुक्त तंबाकू के पैकेट समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यहां कम उम्र के युवक-युवतियों को लाइसेंस का झांसा देकर बुलाने और हुक्के के नशे की ओर आकर्षित करने की सूचना मिली थी।

इसके एवज में 1500 से 2000 रुपये तक वसूले जाने की बात भी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मुखबिर से फॉरेस्ट क्लब के ओमेगा पार्टी हाल में अवैध हुक्काबार संचालित होने की सूचना मिली।

इसके बाद खोराबार थाने की पुलिस टीम ने छापेमारी की। मौके से राजस्थान के अजमेर जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के मदनगंज निवासी रवि दग्दी और बलरामपुर जिले के सिरसिया निवासी अखिलेश वर्मा को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान सात हुक्के, पाइप और चिलम, फ्लेवरयुक्त तंबाकू के पांच छोटे पैकेट, क्यूब कोल के तीन बॉक्स, हुक्के के आठ डिस्पोजेबल माउथ टिप्स और दो कोल बर्नर बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ खोराबार थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने मामले में रक्ष ढींगरा निवासी बेतियाहाता, सोनू गुप्ता निवासी बिछिया रेलवे कॉलोनी और दीपक व सागर को वांछित किया है। दीपक और सागर के पते की जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशफाक अहमद, उपनिरीक्षक शुभम शर्मा, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार तथा कांस्टेबल सूर्यप्रकाश पांडेय, दिलीप यादव और राहुल मौर्य शामिल रहे।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button