कानपुर में गूंजा ‘सफाई नहीं तो टैक्स नहीं’ का नारा, वार्ड 14 में महिलाओं का जोरदार प्रदर्शन
पार्षद शालू सुनील कनौजिया और पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने हाथों में गृहकर की प्रतियां लेकर ‘सफाई नहीं तो टैक्स नहीं’ के नारे लगाते हुए जुलूस निकाला।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए वार्ड-14 की पार्षद शालू सुनील कनौजिया द्वारा 20 अगस्त से चलाए जा रहे ‘नाली-झाड़ू-कूड़ा आंदोलन’ के चौथे दिन रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया।
पार्षद शालू सुनील कनौजिया और पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने हाथों में गृहकर की प्रतियां लेकर ‘सफाई नहीं तो टैक्स नहीं’ के नारे लगाते हुए जुलूस निकाला।
वार्ड पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही गैर-जिम्मेदाराना रवैये के चलते वार्ड की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारी कब आते हैं और कब चले जाते हैं, इसका पता तक नहीं चलता। क्षेत्र में गंदगी का अंबार है, लेकिन अधिकारियों को इसकी कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी भ्रष्टाचार के कारण सफाई व्यवस्था पर सख्ती नहीं कर रहे हैं। पार्षद ने कहा कि यदि जिम्मेदार अधिकारी समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं करते हैं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया ने ओ ब्लॉक सब्जी मंडी, किदवई नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में ओ ब्लॉक सब्जी मंडी को कानपुर विकास प्राधिकरण से नगर निगम को हस्तांतरित कराया गया था और इस दौरान केडीए द्वारा नगर निगम को 9.20 करोड़ रुपये भी दिए गए थे।
पूर्व पार्षद का आरोप है कि हस्तांतरण के करीब पांच साल बाद भी ओ ब्लॉक सब्जी मंडी की खाली पड़ी बीटों पर सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं की गई है। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा भवन स्वामियों से लगातार गृहकर वसूला जा रहा है।
सुनील कनौजिया ने कहा कि सफाई व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराने और लगातार टैक्स वसूलने के मामले को लेकर अब उच्च न्यायालय के माध्यम से नगर निगम द्वारा लिए गए टैक्स की वापसी की मांग की जाएगी। प्रदर्शन में सौम्या वर्मा, शर्मीला, कल्पना, रेखा देवी, मीना, मीरा, सीमा, सुमन, पूनम, रेनू, गायत्री, शशिकला, शिवानी मुल्लन, बिट्टन समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



