दिल्ली-NCR में बढ़ा H1N1 का खतरा, सर्वे में 54% घरों में फ्लू के लक्षण
दिल्ली में 20 अगस्त को इन्फ्लूएंजा के 159 नए केस दर्ज किए गए, जिनमें 114 मामले H1N1 से जुड़े थे. राजधानी में इस साल अब तक इन्फ्लूएंजा-A के 2,392 केस दर्ज किए जा चुके हैं, पिछले साल H1N1 के 229 केस थे.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दिल्ली में 20 अगस्त को इन्फ्लूएंजा के 159 नए केस दर्ज किए गए, जिनमें 114 मामले H1N1 से जुड़े थे. राजधानी में इस साल अब तक इन्फ्लूएंजा-A के 2,392 केस दर्ज किए जा चुके हैं, पिछले साल H1N1 के 229 केस थे.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में H1N1 (स्वाइन फ्लू) के लगातार बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने लोगों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की है, और स्वच्छता का पालन करने तथा भीड़भाड़ वाली जगहों से जाने बचने और समय पर डॉक्टरी सलाह लेने की अपील की है.
इस बीच एक सर्वे के जरिए यह बात सामने आई है कि दिल्ली-NCR में करीब 54% घरों में कम से कम एक सदस्य को फ्लू या वायरल बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं.
लोकलसर्कल्स’ (LocalCircles) की ओर से कल रविवार (23 अगस्त) को जारी किए गए सर्वे के अनुसार, दिल्ली-NCR में सर्वे में करीब 54 फीसदी घरों में कम से कम एक सदस्य को फ्लू या वायरल बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं. ये नतीजे ऐसे समय में आए हैं जब दिल्ली में मौसमी इन्फ्लूएंजा और H1N1 के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, हालांकि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) का कहना है कि देश में H1N1 का कोई नया स्ट्रेन नहीं मिला है.
सर्वे में घरों में दिखे फ्लू के लक्षण
लोकलसर्कल्स के सर्वे में दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद के 32,643 के लोगों से जवाब एकत्र किए गए. जवाब देने वालों में करीब 69% पुरुष और 31% महिलाएं थीं. सर्वे में पाया गया कि 23 फीसदी घरों में 4 या उससे अधिक लोगों में फ्लू या वायरल बुखार जैसे लक्षण थे. जबकि, 16 फीसदी घरों में 2 से 3 सदस्यों में यह लक्षण दिखाई दिए. इसी तरह 15 फीसदी घरों में कम से कम एक शख्स में ऐसे लक्षण पाए गए.
कुल मिलाकर, सर्वे किए गए 39% घरों में एक ही समय पर 2 या उससे अधिक लोगों में इसके लक्षण देखे गए, जिससे पता चलता है कि घरों के अंदर संक्रमण तेजी से फैल रहा है.
दिल्ली-NCR में H1N1 के मामलों में बढ़ोतरी
रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, 20 अगस्त को दिल्ली में इन्फ्लूएंजा के 159 नए केस दर्ज किए गए, जिनमें 114 मामले H1N1 से जुड़े थे. राजधानी में इस साल अब तक इन्फ्लूएंजा-A के 2,392 केस दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 1,777 मामले H1N1 के हैं. इस संख्या में H1 के 37 केस, H3 के 138 केस और इन्फ्लूएंजा के 440 अन्य केस भी शामिल हैं. पिछले साल इसी अवधि में H1N1 के 229 केस थे, इस तरह से करीब 8 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
हालांकि, आधिकारिक आंकड़ों में वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने अस्पतालों या लैबोरेटरीज में टेस्ट करवाया था. जिन लोगों में लक्षण तो दिखे लेकिन वे घर पर ही ठीक हो गए, हो सकता है कि वे इसमें शामिल न हों.
H1N1 का कोई नया स्ट्रेन नहीं मिला
ICMR का कहना है कि H1N1 का कोई नया स्ट्रेन नहीं मिला है. मामलों में बढ़ोतरी को लेकर चिंता के बीच, ICMR ने कल रविवार को कहा कि देश में इन्फ्लूएंजा A (H1N1) का कोई नया स्ट्रेन नहीं मिला है और लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की. ICMR के एक वैज्ञानिक ने बताया कि देश में अभी फैल रहे H1N1 वायरस, A/Missouri/11/2025 (H1N1) pdm09 जैसे स्ट्रेन से मिलते-जुलते हैं और यह 2025 से ही फैल रहे हैं.
इसके लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, ठंड लगना और थकान जैसे लक्षण शामिल हैं. ICMR ने मौसमी इन्फ्लूएंजा को “ज्यादातर अपने-आप ठीक होने वाली बीमारी” बताया है, जिसमें अधिकतर लोग सही देखभाल और आराम से ठीक हो जाते हैं. हालांकि, छोटे बच्चों, बुज़ुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों में गंभीर जटिलताओं का खतरा अधिक होता है.



