मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज, मंडलायुक्त-डीआईजी ने लिया जायजा

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 अगस्त को सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के मझौलीराज में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 अगस्त को सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के मझौलीराज में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

गुरुवार को मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में देवरिया जिले की भाटपाररानी और सलेमपुर विधानसभा क्षेत्रों की 23 परियोजनाओं का लोकार्पण प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 139.47 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 57 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिनकी लागत करीब 165.50 करोड़ रुपये है।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और डीआईजी ने जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर समेत अन्य अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। डीआईजी ने कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों की जानकारी ली।

पेयजल से लेकर मेडिकल टीम तक के निर्देश

मंडलायुक्त ने गर्मी को देखते हुए जनसभा में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थल पर भी पेयजल उपलब्ध कराने को कहा। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग पर धूल की समस्या को देखते हुए पानी का छिड़काव कर रास्ते को साफ और मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मानक के अनुरूप विशेषज्ञ चिकित्सकों की मेडिकल टीम तैनात करने के साथ मोबाइल टॉयलेट और अन्य आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने पर जोर दिया।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button