वेनेजुएला: चारों ओर तबाही का मंजर, लाशें हीं लाशें
हजारों लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
हजारों इमारतें जमींदोज कारें व कीमती सामान मिटटी का ढेर
पूरी दुनिया ने शोक जताया सभी देशों ने भेजी मदद
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने आपातकाल की घोषणा की है। राहत और बचाव कार्य जारी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हजारों लोगों के मारे जाने की आशंका है। राष्ट्रपति ने कहा है कि 32 से ज्यादा मौतों की पुष्टि हुई है। चारों तरफ तबाही के मंजर देखे जा सकते हैं। शहरों में इमारतें खंडहर हो गई हैं। उसके नीचे गाडिय़ा और लोगों के घर मलबे में दबे दिखाई दे रहें हैं। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने दुनिया भर से मिल रही मदद के लिए जताया आभार। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मिल रही मदद और सहयोग के लिए वैश्विक नेताओं का धन्यवाद किया है। उन्होंने संकट की इस घड़ी में मानवीय सहायता और बचाव दल भेजने के फैसलों की सराहना की। रोड्रिगेज ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन के प्रति आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स लिखा ‘हम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन के आभारी हैं, जो वेनेजुएला के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहे हैं और इस त्रासदी के समय वेनेजुएला के लोगों को समर्थन और एकजुटता प्रदान कर रहे हैं, जिसने हमें शोक में डुबो दिया है।

विपक्षी नेता मारिया मचाडो का संदेश लोगों से एकजुट रहने की अपील
वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने एक पर एक पोस्ट में देश में आए भूकंप पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा ‘मुश्किल की इस घड़ी में मेरा असीम स्नेह और मेरी प्रार्थनाए वेनेजुएला के हर घर के साथ हैं। इस कठिन समय में हममें हिम्मत, शांति और एकजुटता बनी रहे। ईश्वर वेनेज़ुएला के हर नागरिक, हमारे परिवारों और हमारे घरों की रक्षा करे। आज हम पहले से कहीं ज्यादा एकजुट हैं।
दुनिया के नेताओं ने जताया दुख
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने वेनेजुएला में भूकंप से मची तबाही पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा ‘वेनेजुएला में भूकंप से हुई तबाही पर मुझे गहरा दुख है। मैंने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया है कि वह काराकास स्थित ब्राजीली दूतावास के साथ मिलकर स्थिति का आकलन करे और हर संभव सहायता के उपाय तलाशे। दुख की इस घड़ी में ब्राजील, कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज की सरकार और वहां के साहसी लोगों के साथ खड़ा है। हम प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में पूरा सहयोग देने का संकल्प दोहराते हैं।’
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों दुखी
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा करते हुए प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। मैक्रों ने लिखा, देश में आए भूकंप के बाद वेनेजुएला के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं और समर्थन। मैं पीडि़तों, उनके प्रियजनों और राहत कार्यों में लगे सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति व्यक्त करता हूं।
दिल्ली में 3 मंजिला इमारत गिरनेे से कई लोगों के दबने की आशंका
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में गुरुवार सुबह एक पुराने तीन मंजिला मकान के तोडफ़ोड़ कार्य के दौरान उसका एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। महरौली के वार्ड नंबर 3 में स्थित करीब 400 वर्ग गज क्षेत्रफल वाले इस पुराने मकान को एक बिल्डर ने खरीदा था। बिल्डर बहुमंजिला इमारत बनाने के लिए इसे ध्वस्त करा रहा था।
सुबह करीब 9:3० बजे इमारत का एक हिस्सा ढहने की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। ढहने की घटना से आसपास अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत इलाके को घेर लिया और तोडफ़ोड़ से जुड़े ठेकेदार को मौके पर बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने बिल्डर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि काम बहुत जल्दबाजी और लापरवाही से कराया जा रहा था। उन्होंने बताया कि रात में भी बुलडोजर चलाए जा रहे थे। इस हादसे में क्षतिग्रस्त मकान के पीछे रहने वाले अनिल शर्मा के हाते में खड़ी करीब पांच गाडिय़ां भी चपेट में आ गईं। ढहने की वजह से पड़ोस में अनिल शर्मा के हाते में खड़ी चार-पांच गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हो गई हैं।अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। दमकल और पुलिस की टीमें मलबे की जांच कर रही हैं कि कहीं कोई मजदूर या व्यक्ति तो नहीं फंसा है।
नगर निगम में ‘जोनल कुर्सी’ की लड़ाई तेज
कर अधीक्षकों की बढ़ी महत्वाकांक्षा, नगर आयुक्त की मुहर किसे लगेगी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। लखनऊ नगर निगम में इन दिनों जोनल अधिकारी की कुर्सी को लेकर अंदरखाने चर्चाओं का बाजार गर्म है। कर अधीक्षकों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक की निगाहें जोनल अधिकारी की जिम्मेदारी पर टिकी हुई हैं। सवाल यह उठ रहा है कि यदि लगातार कर अधीक्षकों को ही जोनल अधिकारी बनाया जाता रहा, तो विभाग में जूनियर और सीनियर अधिकारियों के बीच का अंतर आखिर क्या रह जाएगा?
नगर निगम के गलियारों में चर्चा है कि जोन-3 में तैनात जोनल अधिकारी मनोज यादव को यह जिम्मेदारी दिए जाने के बाद कई अन्य अधिकारी भी स्वयं को इस दौड़ का दावेदार मानने लगे हैं। वहीं आलोक श्रीवास्तव जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी चर्चा के केंद्र में हैं। दूसरी ओर जोन-1 में ओम प्रकाश सिंह का उदाहरण दिया जा रहा है, जिन्हें कार्यशैली और प्रदर्शन के आधार पर जोनल अधिकारी की जिम्मेदारी मिली थी।सूत्र बताते हैं कि नगर निगम में इन दिनों यह चर्चा भी जोरों पर है कि जोन-1 में तैनात कर अधीक्षक अनुराग उपाध्याय भी जोनल अधिकारी बनने की दौड़ में शामिल हो चुके हैं। राजस्व वसूली में अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रदर्शन का हवाला देकर वह भी स्वयं को मजबूत दावेदार मान रहे हैं। निगम के भीतर यह सवाल पूछा जा रहा है कि जब अन्य कर अधीक्षक जोनल अधिकारी बन सकते हैं तो फिर उनके लिए रास्ता क्यों नहीं खुल सकता? दरअसल, कुछ समय पहले स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों और जोनल सेनेटरी अधिकारियों को बुलाकर बंद लिफाफों में तबादला आदेश थमा दिए थे। उस दौरान यह संदेश भी साफ तौर पर दिया गया था कि सिफारिश के बजाय कार्य के आधार पर जिम्मेदारियां तय होंगी। यही कारण है कि इस बार भी नगर निगम में होने वाले संभावित फेरबदल को लेकर सभी की निगाहें नगर आयुक्त के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
अपर नगर आयुक्त अवकाश पर
इसी बीच नगर निगम के दो अपर नगर आयुक्त अवकाश पर हैं और उनके लौटने के बाद सिफारिशों का दौर तेज होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि सबसे बड़ी चुनौती नगर आयुक्त गौरव कुमार को मनाने की बताई जा रही है। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच यह धारणा बनी हुई है कि नगर आयुक्त निर्णय लेने में किसी भी प्रकार के दबाव को स्वीकार नहीं करते।
पीसीएस अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल
वहीं पीसीएस अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि कुछ जोनों में अपेक्षित राजस्व वसूली नहीं हो सकी। विशेष रूप से जोन-8 को लेकर चर्चा है कि पिछले वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के अनुरूप वसूली न होने से निगम की कुल आय पर असर पड़ा।
बड़े स्तर पर तबादलों की भी चर्चा… नगर निगम में जल्द ही बड़े स्तर पर तबादलों की भी चर्चा है। तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही विभाग में जमे कर्मचारियों और बाबुओं पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। निगम के भीतर यह भी आवाज उठ रही है कि विभिन्न विभागों में संबद्धता के नाम पर वर्षों से मलाई काट रहे कर्मचारियों की भूमिका की भी समीक्षा होनी चाहिए।



