बिहार की पारंपरिक डिशेज जिन्हें खाकर जिंदगीभर नहीं भूल पाएंगे इनका स्वाद

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
आज-कल बिहार काफी सुर्खियों में है, क्योंकि हाल ही में बिहार में चुनावों का समापन हुआ है। जब भी जिक्र बिहार का आता है तो सबसे पहले वहां के स्वादिष्ट खाने का ख्याल आ जाता है। ऐसे में सबसे पहले जिस व्यंजन की याद आती है, वो है लिट्टी-चोखा। ये डिश न सिर्फ बिहार में बल्कि देश और विदेश में भी बेहद लोकप्रिय है। पर बिहार की खाद्य संस्कृति सिर्फ लिट्टी-चोखे तक सीमित नहीं है। यहां कई ऐसे पारंपरिक व्यंजन मौजूद हैं, जिनका स्वाद जितना अनोखा है, उतना ही कम लोग इनके बारे में जानते हैं। ये डिशेज बिहार की पुरानी परंपराओं, देसी मसालों और स्थानीय सामग्रियों से तैयार होती हैं, जिनमें लोगों की जीवनशैली और संस्कृति की झलक दिखती है। अगर आप फूड लवर हैं और नए स्वादों को एक्सप्लोर करना पसंद करते हैं, तो बिहार की बेहद स्वादिष्ट पारंपरिक डिशेज आपके लिए एक नए फूड अनुभव का दरवाजा खोल सकती हैं।

चना घुघनी

सामान

काला चना- 1 कप, प्याज- 1, टमाटर- 1, अदरक-लहसुन पेस्ट -चम्मच, हल्दी – ½ चम्मच,<लाल मिर्च – 1 चम्मच, धनिया पाउडर- 1 चम्मच, जीरा – ½ चम्मच, नमक-स्वादानुसार, हरी मिर्च, धनिया पत्ती।

विधि

चना घुघनी बनाने के लिए सबसे पहले भिगोए हुए चने को नमक और हल्दी डालकर प्रेशर कुकर में उबाल लें। जब चने उबल जाएं तो कड़ाही में तेल गर्म करें और जीरा तडक़ा लगाएं। इसके बाद कड़ाही में प्याज भूनकर अदरक-लहसुन पेस्ट डालें। अब टमाटर और मसाले डालकर अच्छी तरह भूनें। टमाटर के भुनने के बाद उबले चने डालकर 5-7 मिनट पकाएं। आखिर में इसके ऊपर हरी मिर्च और धनिया पत्ती डालकर सर्व करें।

दाल फरा

सामान

चावल का आटा – 2 कप, चना दाल – 1 कप (भिगोकर पीसी हुई), लहसुन- 4-5 कलियां, अदरक – थोड़ा सा, हरी मिर्च – 2, जीरा – ½ चम्मच, नमक- स्वादानुसार, धनिया पत्ती।

विधि

दाल फरा बनाने के लिए सबसे पहले चावल के आटे में गर्म पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें। इसे गूंथने के बाद साइड में रख दें। दूसरी तरफ चना दाल को लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, नमक और जीरा के साथ दरदरा पीस लें। इसे पीसने के बाद चावल के आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर चपटा करें और बीच में दाल का मिश्रण भरें। किनारों को बंद करके लंबा आकार दें। इसके बाद एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और उसमें भरे हुए फरे डालकर 10-12 मिनट पकाएं। आखिर में इसे निकालकर हल्के तेल में तडक़ा लगाना चाहें तो लगा सकते हैं। इसे चटनी के साथ परोसें।

सत्तू पराठा

सामान

गेहूं का आटा – 2 कप, सत्तू – 1 कप, हरी मिर्च- 1 बारीक कटी, लहसुन (कद्दूकस)- 3-4 कलियां, अचार का मसाला- 1 चम्मच, प्याज- 1 बारीक कटा, नींबू रस- 1 चम्मच, अजवाइन – ½ चम्मच, नमक – स्वादानुसार।

विधि

सत्तू का पराठा बनाने के लिए सबसे पहले गेहूं का आटा पानी डालकर नर्म गूंथ लें। एक कटोरी में सत्तू, प्याज, लहसुन, हरी मिर्च, नींबू रस, नमक, अजवाइन और अचार मसाला मिलाकर भरावन तैयार करें। आटे की लोइयां बनाकर उसमें सत्तू का मसाला भरें। अब हल्के हाथ से परांठा बेलें और तवे पर घी/तेल डालकर सेंकें। दही या अचार के साथ गरम -गरम सर्व करें।

Related Articles

Back to top button