भारत की विश्वकप में लगातार 12वीं जीत

- शिवम दुबे चमके, नीदरलैंड को 17 रनों से हराया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अहमदाबाद। शिवम दुबे की शानदार बल्लेबाजी के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाजी के दम पर भारत ने नीदरलैंड को 17 रनों से हराया। गत चैंपियन भारतीय टीम ने इस तरह ग्रूप चरण का अंत अजेय रहते हुए किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 193 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम निर्धारित ओवर में सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी। भारत ने टी20 विश्वकप में लगातार 12वीं जीत दर्ज की। टूर्नामेंट में भारत 2024 से ही अजेय बना हुआ है।
भारतीय टीम भले ही मैच जीतने में सफल रही, लेकिन उसकी फील्डिंग एक बार फिर खराब रही। भारत के लिए नीदरलैंड के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार और तिलक वर्मा ने कैच छोड़े। इतना ही नहीं, बल्लेबाजी में भी टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और एक बार फिर बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। शिवम दुबे ने हालांकि, शानदार बल्लेबाजी की जिस कारण टीम चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दे सकी। वरुण चक्रवर्ती के फिरकी के जादू से भारत ने नीदरलैंड को हराया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे नीदरलैंड ने धीमी शुरुआत करते हुए पावरप्ले में एक विकेट पर 36 रन बनाए। नोह क्रोस तथा जैक लियोन कैशे ने सातवें विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। शिवम दुबे ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 31 गेंद में छह छक्कों और चार चौकों से 66 रन की पारी खेली। शिवम ने हार्दिक पांड्या के साथ पांचवें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की।
विश्वकप में अभी तक नहीं खुला अभिषेक का खाता
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म नीदरलैंड के खिलाफ भी जारी रही। अभिषेक एक बार फिर खाता खोले बिना आउट हुए और सिर्फ तीन ही गेंद खेल सके। अभिषेक की फॉर्म भारत के लिए चिंता का विषय बन गई है क्योंकि अब टीम को आगे कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। मौजूदा टूर्नामेंट में अभिषेक अब तक खाता भी नहीं खोल सके हैं क्योंकि अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में अभिषेक शून्य पर आउट हुए थे, फिर पाकिस्तान के खिलाफ वह खाता नहीं खोल पाए थे और अब नीदरलैंड के खिलाफ भी उनका बला खामोश ही रहा। अभिषेक पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच से बाहर रहे थे। अभिषेक ने पिछली सात पारियों में एक अर्धशतक लगाया है। उन्होंने 0, 68*, 0, 30, 0, 0 और 0 रन बनाए हैं। यानी पिछली सात पारियों में अभिषेक के बल्ले से सिर्फ एक बार अर्धशतक निकल रहा है और कुल 98 रन ही बना सके हैं। इतना नहीं सात में से पांच बार तो वह खाता भी नहीं खोल सके हैं।



