Salim Khan की सेहत के लिए परेशान हैं Salman Khan, करीबी ने बताई सच्चाई
बॉलीवुड की ख़ान फ़ैमिली इस समय थोड़े मुश्किल वक्त से गुजर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बॉलीवुड की ख़ान फ़ैमिली इस समय थोड़े मुश्किल वक्त से गुजर रही है।
आख़िर सुपरस्टार सलमान खान के पिता और “शोले” जैसी फिल्म के राइटर सलीम ख़ान की तबीयत जो ख़राब चल रही है। बीते मंगलवार को ही उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 90 साल की उम्र में उन्हें माइनर ब्रेन हेमरेज की शिकायत हुई थी। जिसके चलते डॉक्टर्स ने उनका एक प्रोसीजर भी किया।
जहां इस समय पूरा ख़ान परिवार एकजुट होकर सलीम साहब की सेहत का ख़्याल रख रहा है। और, उनके चाहने वाले उनके लिए दुआयें कर रहे हैं।
तो, इससे सबसे ज्यादा परेशानी सलीम ख़ान के बड़े बेटे सलमान ख़ान को हो रही है। आख़िर अपने पिता की ख़राब तबीयत देखकर सलमान भी दर्द से जो जूझ रहे हैं। जिसका खुलासा ख़ान खानदान के ही एक करीबी ने किया है।
दरअसल, सलमान खान के करीबी मित्र संतोष शुक्ला ने परिवार के मुश्किल वक्त पर रिएक्ट किया है। उन्होंने बताया कि यह परिवार के लिए बेहद पर्सनल मामला है, इसलिए उन्होंने दूरी बनाए रखना ही सही समझा है। शुक्ला ने लोगों से अपील की कि अफवाहों से दूर रहकर सिर्फ दुआ करें।
उनके मुताबिक़, “सलमान इस समय शांत हैं और परिवार के साथ रहकर स्थिति को संभाल रहे हैं। न वो किसी को परेशान करना चाहते हैं और न होना चाहते हैं। इसलिए हमने भी उन्हें स्पेस देना सही समझा। हम लोग बाहर से ही देख रहे हैं।”
वैसे सलमान का यूं शांत होना बताता है कि वो मन ही मन कितने परेशान हैं? और ऐसा हो भी क्यों ना? आख़िर अपने पिता के सबसे करीब जो हैं सलमान। परिवार के सबसे बड़े बेटे तो वो हैं ही..ऐसे में वो सलीम के सबसे क्लोज भी हैं।
सलीम खान को 17 फरवरी की सुबह मुंबई के Lilavati Hospital में भर्ती कराया गया था। उन्हें इमरजेंसी में लाने के बाद डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। फिर, 18 फरवरी को उनकी डिजिटल सब्स्ट्रैक्शन एंजियोग्राफी (DSA) की गई, जो दिमाग की नसों की जांच के लिए की जाने वाली प्रोसेस है।
इसके बाद डॉक्टर्स ने साफ़ किया कि यह सर्जरी नहीं, बल्कि डायग्नोस्टिक टेस्ट था। डॉक्टरों के अनुसार, प्रोसीजर के बाद उनकी हालत स्थिर रही और उन्हें कुछ समय तक स्पेशल निगरानी में रखा गया। मेडिकल टीम लगातार उनकी रिकवरी पर नजर बनाए हुए है।
ग़ौरतलब है कि, सलीम खान एक मशहूर स्क्रीनराइटर रहे हैं। वैसे तो, सलीम खान बचपन में एक क्रिकेटर बनना चाहते थे। क्योंकि, सलीम खान को क्रिकेट खेलने का शौक था और वो स्कूल की तरफ से क्रिकेट खेला भी करते थे। कॉलेज के दिनों में भी सलीम खान ने क्रिकेट से खूब नाम कमाया था। लेकिन उनका ये ख़्वाब टूट गया और वो क्रिकेटर को करियर नहीं बना सके। फिर, मुंबई आकर हीरो से लेकर उन्होंने फ़िल्म की कहानियां लिखकर ख़ुद को सिनेमा में एक दिग्गज का खिताब दिलाया।
पर्सनल लाइफ की बात की जाये तो, उनकी पहली बीवी सलमा खान उर्फ़ सुशीला चरक हैं। सलीम और सलमा ने साल 1964 में शादी की थी। सलीम से शादी करने के बाद उन्होंने अपना नाम और धर्म बदल लिया था। इन दोनों के चार बच्चे हुए- सलमान, अरबाज़, सोहेल और बेटी अलवीरा। वहीं अब, दोनों की शादी को अब 60 साल से ज्यादा का वक़्त बीत चुका है।
फिर, सलीम खान ने दूसरी शादी एक्ट्रेस‑डांसर हेलन (हेलेन रिचर्डसन) से की। 1981 में दोनों ने निकाह किया। सलीम-हेलेन दोनों की ये दूसरी शादी थी। हेलेन की पहली शादी फिल्म प्रोड्यूसर प्रेम नारायण अरोड़ा से 1957 में हुई थी। लेकिन, दोनों का 1974 में अलगाव हो गया। फिर, हेलेन सलीम के करीब आईं..और, दोनों ने घर बसाने का फैसला लिया।
हालांकि, इनकी शादी के बाद खान परिवार में खूब मनमुटाव हुए। सलमान और उनके दोनों भाई हेलन के बिल्कुल खिलाफ थे। खुद सलमा खान भी इस शादी से दुखी थीं। इसका खुलासा एक इंटरव्यू में खुद सलमा ने किया था। उनके मुताबिक, इस शादी की वजह से बहुत ही डिप्रेस और डिस्टर्ब चीजें हुईं। सलमान, अरबाज और सोहेल तो उनसे बात तक नहीं करते थे।
लेकिन वो कहावत है ना कि, ”समय से बड़ा मरहम कोई नहीं”। धीरे-धीरे तीनों भाइयों और खुद सलमा खान को महसूस हुआ कि हेलन उतनी बुरी नहीं हैं जितना वो समझते हैं। बल्कि वो तो बहुत ही अच्छी हैं और सभी का ख्याल रखती हैं। और, फिर तो..जैसे सलीम खान और हेलन को कायनात ही मिल गई। पूरा परिवार एकजुट हो गया और हर फंक्शन सभी को लोग मिल-जुलकर मनाने लगे। कुछ ऐसे वाकये हुए थे जिनकी बदौलत पूरा खान परिवार हेलन पर मर-मिटने लगा था।
शादी के बाद हेलन और सलीम खान की कोई संतान नहीं हुई। फिर, एक दिन सलीम खान और उनकी पत्नी सलमा खान ने सड़क पर एक बच्ची को उसकी मृत मां के शव के पास रोते हुए पाया। सलीम उस बच्ची को अपने घर ले आए और बाद में उन्हें गोद ले लिया। फिर, अर्पिता खान परिवार की जान बन गईं। तीनों भाई उन्हें जान से भी ज्यादा प्यार करते हैं। खासकर सलमान खान से अर्पिता की बॉन्डिंग बेहद खास है।
बात अब, सलमान की करें तो, सलीम उन्हें एक क्रिकेटर ही बनाना चाहते थे। उनकी इच्छा थी कि उनके तीनों बेटों में से कोई एक क्रिकेटर बने। लेकिन सलमान को हीरो बनना था।
ऐसे में, सलीम के सबसे बड़े बेटे ने 1989 में फिल्म ”मैंने प्यार किया” से बतौर एक्टर डेब्यू किया। सलमान ने कई यादगार सुपरहिट फिल्में इंडियन फिल्म इंडस्ट्री को दी हैं। तीन से ज्यादा दशकों का ये सफर उनके सिनेमाई करिश्मे, कई ब्लॉकबस्टर हिट्स और जबरदस्त फैन फॉलोइंग से भरा रहा है।
सलमान के भाई अरबाज़ खान भी एक्टिंग से जुड़े। उन्होंने साल 1996 में फिल्म ‘दरार’ से डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने और भी कई फिल्मों में काम किया। हालांकि, उनका करियर उतना अच्छा नहीं चल पाया। जिसके बाद उन्होंने प्रोडक्शन-डायरेक्शन की कमान संभाली। अरबाज़ की पहली शादी मलाइका अरोड़ा से 1998 में हुई। दोनों 2002 में एक बेटे अरहान के पेरेंट्स बने। हालांकि, इनकी शादी 2017 में टूट गई। फिर, अरबाज़ ने मेकअप आर्टिस्ट शूरा खान से 24 दिसंबर 2023 को दूसरी शादी की।
सोहेल खान सलमान के छोटे भाई हैं। उन्होंने एक्टिंग-डायरेक्शन दोनों में काम किया है। सोहेल ने 1998 में सीमा सजदेह से भागकर शादी की थी, लेकिन 2022 में उनका तलाक हो गया। 24 साल की शादी के बाद, उन्होंने अलग होने का फैसला किया।
वहीं, सलमान की बड़ी बहन, अलवीरा एक फिल्म प्रोड्यूसर और फैशन‑डिजाइनर भी रही हैं। उन्होंने डायरेक्टर‑प्रोड्यूसर अतुल अग्निहोत्री से शादी की और उनके दो बच्चे हैं- अलीजेह और अयान। दोनों ही इंडस्ट्री से जुड़ गए हैं।
सलमान की सबसे छोटी बहन अर्पिता खान हैं। उनकी शादी एक्टर आयुष शर्मा से हुई थीं। दोनों के दो बच्चे हैं- आयत और आहिल।
वहीं, सलमान के सभी भाई-बहनों में बेहद प्यार है। सलमान और उनके भाई‑बहन हर मौकों पर एक साथ देखे जाते हैं। जो उनके प्यार को जगज़ाहिर कर जाता है।



