सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने के इरादे से उतरेगा भारत

  • भारतीय टीम का कोलकाता में कल वेस्टइंडीज से होगा मुकाबला

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 विश्वकप का मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर खेला जाएगा। भारत ने पिछले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ विशाल स्कोर बनाया था और दिखा दिया था कि उसकी बल्लेबाजी में कितना दम है। भारत और वेस्टइंडीज दोनों के लिए यह मैच वर्चुअल नॉकआउट की तरह है। यानी जो टीम यह मुकाबला हारेगी उसका सफर सुपर आठ में ही थम जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगी।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। दिलचस्प बात यह है कि ये मैच उसी पिच पर खेला जाएगा जिस पर स्कॉटलैंड और इटली के बीच ग्रूप चरण का मुकाबला खेला गया था। स्कॉटलैंड ने तब 200 रनों का आंकड़ा पार किया था। यानी भारत और वेस्टइंडीज मैच में भी रन बसरते हुए नजर आ सकते हैं, जैसा कि पिछले मैच में भी देखने मिला था। पिच काफी सूखी होने की संभावना है जिसके कारण स्पिन गेंदबाजी फिर से अहम भूमिका निभा सकती है। हालांकि ईडेन की पिच पर अच्छा उछाल मिलता है। भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या भी अपने मौके को भुनाने की उम्मीद रख सकते हैं। वहीं बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि रिंकू सिंह की वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले से शनिवार को कोलकाता में टीम इंडिया से जुड़ेंगे। रिंकू अपने पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर लौटे थे।

पाक का श्रीलंका से करो या मरो का मुकाबला आज

पल्लेकल। न्यूजीलैंड पर इंग्लैंड की जीत से पाकिस्तान की उम्मीदें भले ही जीवंत हो गई हैं, लेकिन अगर उसे सेमीफाइनल में पहुंचना है तो हर हाल में श्रीलंका पर बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच टी20 विश्व कप में सुपर आठ चरण का मुकाबला आज पल्लेकल में खेला जाएगा। पाकिस्तान का एक मैच पहले ही बारिश में धुल चुका है और दूसरा मुकाबला इंग्लैंड से हार चुका है। न्यूजीलैंड की टीम तीन मैचों में एक जीत, एक हार और एक रद्द मैच के साथ तीन अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +1.390 का है। पाकिस्तान की टीम दो मैच में एक हार और एक रद्द मैच के साथ एक अंक लेकर तीसरे नंबर पर है। पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.461 का है। वहीं, सह-मेजबान श्रीलंका ने सुपर आठ में अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाए जिससे उसका सफर थम गया।

Related Articles

Back to top button