बांदा में कांग्रेस का सरकार विरोधी प्रदर्शन, पेयजल और बढ़ती फीस पर जताया आक्रोश
बांदा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार विरोधी नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: निजी स्कूलों की बेतहाशा बढ़ती फीस, महंगी किताबें और घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने आज फिर सड़कों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बांदा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार विरोधी नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी को सौंपा। उन्होंने जल जीवन मिशन योजना की नाकामी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पीने के लिए शुद्ध पानी तक मुहैया नहीं हो पा रहा। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बांदा शहर में पाइप लाइनों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिसे जानवर भी नहीं पी सकते।
इस मुद्दे को उजागर करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पाइप से आ रहे गंदे पानी को बोतलों में भरकर जिला अधिकारी को सैंपल के रूप में सौंपा और तत्काल शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों पर भी आक्रोश जताया और कीमतों में कटौती की मांग की।
कांग्रेस का कहना है कि निजी स्कूलों की मनमानी बढ़ चुकी है और हर साल नए पब्लिकेशन आ जाने से न केवल बच्चे बल्कि अभिभावक भी परेशान हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार किया जाए और आम जनता को राहत दी जाए।
रिपोर्ट- इकबाल, बांदा



