बांदा में आईटी-ईडी की छापेमारी, व्यापारियों में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार को आयकर विभाग (IT) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की संयुक्त टीम ने आधा दर्जन बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर अचानक छापेमारी की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार को आयकर विभाग (IT) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की संयुक्त टीम ने आधा दर्जन बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई से शहर के व्यापारिक वर्ग में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में टीम विभिन्न ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि शहर के बड़े कारोबारी और ठेकेदार हिम्मत सिंह, सीरज सिंह, दलजीत सिंह, भाजपा नेता व पूर्व विधायक, युवराज सिंह (पूर्व एमएलसी/पूर्व विधायक) तथा अज्ञात गुप्ता सहित अवनि-परिधि नर्सिंग होम और कथित भू-माफिया से जुड़े कई स्थानों पर जांच जारी है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और ब्लैक मनी से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है। छापेमारी के दौरान सभी ठिकानों पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
फिलहाल आयकर विभाग और ईडी की टीम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
रिपोर्ट- इकबाल, बांदा



