जल जीवन मिशन के काम से सहेवा गांव की सड़कें उखड़ी, मरम्मत अब तक नहीं

सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाना है,

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाना है,

लेकिन बांदा जिले के महुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत सहेवा में इस योजना की जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। यहां सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है और कई घरों तक आज भी पानी नहीं पहुंच पाया है। परेशान ग्रामीण अब जनप्रतिनिधियों से समाधान की गुहार लगा रहे हैं।

बांदा जिले के महुआ विकासखंड की ग्राम पंचायत सहेवा में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए गांव की खड़ंजा और आरपीसी सड़कों को जगह-जगह खोद दिया गया। लेकिन पाइपलाइन डालने के बाद भी इन सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे गांव की कई गलियां आज भी उखड़ी हुई पड़ी हैं।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के ऊंचाई वाले इलाके, खासकर महादेवन मोहल्ले में आज भी अधिकांश घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया है। वहीं जहां पानी पहुंचा भी है, वहां पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़कों पर कीचड़ फैल रहा है। इससे न सिर्फ लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है बल्कि मच्छरों के पनपने और बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के बीच पानी की समस्या और भी गंभीर हो रही है। ऐसे में उन्होंने क्षेत्रीय विधायक से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कें ठीक कराई जाएं और जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और ग्रामीणों को राहत कब मिलती है।

रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा

Related Articles

Back to top button