राज्यों में चुनाव की घोषणा के बाद बढ़ी सियासी सरगर्मी

  • केरल के रण में उतरी राजद असम में ताल ठोकेगी आप
  • तेजस्वी यादव ने किया एलडीएफ के साथ गठबंधन का ऐलान

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। पांच राज्यों में चुनावों की तारीख घोषित कर दी गई है। इसी के साथ चुनावी सरगर्मी भी तेज हो गई है। केरल व असम में क्रमश: राजद व आप ने भी चुनाव लडऩे का ऐलान किया है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन के विधायकों के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की। राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि पार्टी आगामी केरल विधानसभा चुनाव सत्ताधारी लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रं ट के साथ मिलकर लड़ेगी। राज्य में एलडीएफ का मुकाबला कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट से है।
यादव ने कहा कि राजद का मकसद एलडीएफ को सत्ता में बने रहने में मदद करना है। यादव ने बिहार में आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन के विधायकों से मुलाक़ात के बाद यह बयान दिया। यह मुलाक़ात राज्य में राज्यसभा की पाँच सीटों के लिए होने वाली वोटिंग से कुछ घंटे पहले हुई। इन पांच सीटों में से एक पर राजद चुनाव लड़ रही है।

एलडीएफ के हिस्से के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ेगी राजद

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन के विधायकों के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की। गौरतलब है कि 16 मार्च, सोमवार को बिहार में राज्यसभा की पांच सीट के लिए मतदान होना है। यादव ने कहा, केरल में हमारी पार्टी एलडीएफ के हिस्से के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। हमारी पार्टी पहले भी केरल विधानसभा में मौजूद रही है। हमें उम्मीद है कि हम एलडीएफ की राज्य में सत्ता बरकरार रखने में मदद करेंगे।’’ कांग्रेस और माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) केरल में प्रतिद्वंद्वी हैं लेकिन बिहार में महागठबंधन के हिस्से के रूप में सहयोगी हैं।

आप ने की असम में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा

असम विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने रविवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 14 नामों का ऐलान किया है, जिनमें राज्य उपाध्यक्ष अनुरुपा डेकाराजा का नाम भी शामिल है। खास बात यह है कि इस पहली लिस्ट के सभी उम्मीदवार ब्रह्मपुत्र घाटी के इलाकों से तालूक रखते हैं। आम आदमी पार्टी के राज्य प्रभारी राजेश शर्मा द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार, अनुरुपा डेकाराजा गुवाहाटी सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ेंगी। वहीं, रेणुका तिमुंगपी को बोकाजान से उम्मीदवार बनाया गया है। अन्य प्रमुख नामों में अच्युत दास (नाओबोइचा), तपन गोगोई (शिवसागर), जाहिदुल इस्लाम खान (चेंगा), पल्लव सैकिया (टीटाबोर) और जिन्ना आमीर हुसैन (पूर्वी गोलपारा) शामिल हैं। आप इस बार असम में बिना किसी गठबंधन के अकेले चुनाव मैदान में उतर रही है।

असम विस की मौजूदा स्थिति

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है जिसके पास 64 सीटें हैं। भाजपा के सहयोगी दलों, असम गण परिषद (9), यूपीपीएल (7) और बीपीएफ (3) को मिलाकर सत्ता पक्ष काफी मजबूत है। दूसरी ओर, विपक्ष में कांग्रेस के पास 26, एआईयूडीएफ के पास 15 और माकपा का 1 विधायक है। आम आदमी पार्टी की कोशिश इस बार राज्य में अपना खाता खोलने की है।असम में विधानसभा चुनाव केवल एक ही चरण में 9 अप्रैल को संपन्न होंगे। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि 20 मई को विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने से पहले चुनावी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। राज्य के करीब 2.5 करोड़ मतदाता अपनी सरकार चुनेंगे और इस महासंग्राम के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button