कानपुर में इलाज के दौरान महिला की मौत, भार्गव हॉस्पिटल में हंगामा
कानपुर में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मामला भार्गव हॉस्पिटल का बताया जा रहा है, जहां सांस लेने में तकलीफ के चलते महिला को भर्ती कराया गया था।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रात के समय अस्पताल का स्टाफ सोता रहा और मरीज को समय पर उचित इलाज नहीं मिला। परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें आईसीयू में जाकर मरीज को देखने नहीं दिया जा रहा था।
परिवार के अनुसार, अस्पताल की ओर से लगातार दवाइयों के नाम पर हजारों रुपये का बिल दिया जा रहा था, लेकिन मरीज की हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था।
सुबह जब परिजन आईसीयू में महिला को देखने पहुंचे, तो वहां स्टाफ सोता हुआ मिला। उस समय महिला की पल्स रेट काफी गिर चुकी थी। इसके बाद अस्पताल ने मरीज को एम्बुलेंस से कार्डियोलॉजी विभाग भेजने की बात कही।
परिजनों का आरोप है कि सही समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण ही महिला की मौत हुई है। घटना के बाद अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



