बांदा में मानव तस्करी का खुलासा, भाई ने ही बहन का किया सौदा

उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में मानव तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक भाई ने पैसों के लालच में अपनी ही बहन को बेचकर उसकी जबरन शादी करा दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में मानव तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक भाई ने पैसों के लालच में अपनी ही बहन को बेचकर उसकी जबरन शादी करा दी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता, जो चित्रकूट की रहने वाली है, ने आरोप लगाया कि 20 नवंबर 2025 को उसकी मां और भाई उसे बांदा लेकर आए, जहां उसे हरियाणा के एक व्यक्ति को 1 लाख 38 हजार रुपये में बेच दिया गया। इसके बाद उसकी जबरन शादी करा दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़िता पहले से शादीशुदा थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने कार्रवाई शुरू की। पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की गई और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कालू कुआं रोड से आरोपी भाई जगनारायण उर्फ जयनारायण, निवासी चित्रकूट, को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पहले ही हरियाणा निवासी कृष्ण कुमार और बलराम को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि यह मामला संगठित मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना न केवल पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करती है, बल्कि समाज में सक्रिय मानव तस्करी गिरोहों की गंभीरता को भी उजागर करती है।

रिपोर्ट: इकबाल खान, बांदा

Related Articles

Back to top button