मिर्जापुर में अजीब कारनामा: सड़क बनी, लेकिन बीच में खड़े रह गए बिजली के पोल, लोग बोले- ये कैसी प्लानिंग?

मिर्जापुर के कछवा निगतपुर मार्ग पर सड़क के बीच बिजली के पोल खड़े रहने का मामला सामने आया है। सैकड़ों गांवों के मुख्य मार्ग पर बनी इस सड़क को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं और इसे सरकारी लापरवाही बता रहे हैं।

4pm न्यूज नेटवर्क: कभी सड़क के बीच गड्ढे देखे होंगे, लेकिन मिर्जापुर में तो पूरा बिजली का खंभा ही सड़क के बीचों-बीच खड़ा है। ये कोई मजाक नहीं, बल्कि सरकारी कामकाज की हकीकत है। अब इस सड़क को देखकर लोग सवाल भी कर रहे हैं और तंज भी कस रहे हैं। दरअसल उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के मझवा विधानसभा क्षेत्र के कछवा निगतपुर मार्ग पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सीसी सड़क तो बना दी गई, लेकिन बिजली के पोल हटाना शायद इंजीनियर भूल गए। नतीजा ये है कि सड़क के ठीक बीचों-बीच बिजली के खंभे खड़े हैं और लोग उसी के आसपास से निकलने को मजबूर हैं।

सैकड़ों गांवों के लिए जरूरी है ये रास्ता

यह कछवा निगतपुर मार्ग कोई छोटी-मोटी सड़क नहीं है।

  • यही रास्ता निगतपुर रेलवे स्टेशन तक जाने का मुख्य मार्ग है
  • इसी रास्ते से सैकड़ों गांवों के लोग रोजाना आवाजाही करते हैं

ऐसे में बीच सड़क खड़े बिजली के पोल लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन गए हैं।

मंत्री के कहने पर बनी थी सड़क

जानकारी के मुताबिक, ग्राम प्रधान के अनुरोध पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने रेलवे अधिकारियों से बात करके इस सड़क का निर्माण करवाया था। लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि जब सड़क बनाई जा रही थी, तब इन खंभों को हटाने की योजना क्यों नहीं बनाई गई? सड़क बनने के बाद अब गांव के प्रधान और ग्रामीण बिजली के पोल हटवाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं।  लेकिन अभी तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है।

सोशल मीडिया पर बन रहा मजाक

बीच सड़क खड़े खंभों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। लोग इस पर तरह-तरह के तंज कस रहे हैं और इसे सरकारी लापरवाही का उदाहरण बता रहे हैं। बता दें की यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की लापरवाही सामने आई हो। इससे पहले विंध्याचल में सड़क के बीच हैंडपंप को घेरकर सड़क बना दी गई थी। बाद में मामला बढ़ने पर हैंडपंप हटवाना पड़ा था।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में टोल प्लाजा विवाद गरमाया: कांग्रेस धरने में कूदे सपा नेता, SDM से बहस का वीडियो वायरल

Related Articles

Back to top button