मिर्जापुर में नाबालिग के अपहरण का मामला: 15 दिन बाद भी नहीं मिली बेटी, मां ने लगाई गुहार
मिर्जापुर में ननिहाल आई नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला, 15 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ। परिजनों का आरोप—आरोपी सोशल मीडिया पर धमकी देकर केस वापस लेने का बना रहे दबाव, इंसाफ की मांग तेज।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर से एक ऐसी खबर सामने आई है, जो सिर्फ एक परिवार की परेशानी नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। ननिहाल आई एक नाबालिग लड़की के अपहरण के बाद 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं, और परिवार इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहा है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के गोता गांव की रहने वाली रुखसार से जुड़ा है। उनकी नाबालिग बेटी 2 अप्रैल 2026 को मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र के रानीबाग मोहल्ले में अपने मामा के घर आई थी। परिवार के मुताबिक, 2 और 3 अप्रैल की रात के बीच अचानक लड़की गायब हो गई। सुबह करीब 3 बजे जब परिवार की नींद खुली, तो बेटी को घर में न पाकर तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
स्थानीय युवकों पर अपहरण का आरोप
जांच के दौरान पता चला कि उसी मोहल्ले के रहने वाले दो युवक, सत्यम कन्नौजिया और मुन्ना यादव, भी उसी समय से गायब हैं। परिजनों ने शक के आधार पर उनके घर जाकर पूछताछ की, लेकिन वहां से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने कटरा कोतवाली में शिकायत दी, जहां पुलिस ने मामला दर्ज तो किया, लेकिन आगे की कार्रवाई अब तक अधूरी बताई जा रही है।
15 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस
परिवार का आरोप है कि घटना के 15 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस न तो लड़की का पता लगा पाई है और न ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सकी है। इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
सोशल मीडिया पर धमकी का आरोप
मां रुखसार का कहना है कि आरोपी लगातार मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया के जरिए धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि वे केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि अगर शिकायत नहीं वापस ली गई तो लड़की की अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। परिवार का दावा है कि आरोपी इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई धीमी है। सबसे मार्मिक पहलू इस मामले का यह है कि पीड़ित मां न्याय के लिए लगातार पुलिस थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक चक्कर काट रही है। उनका सवाल है कि क्या उनकी बेटी को सिर्फ इसलिए न्याय नहीं मिलेगा क्योंकि वे एक खास समुदाय से आती हैं?
पुलिस से क्या मांग?
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से बेटी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक पीड़ित परिवार को इंसाफ का इंतजार करना पड़ेगा।
रिपोर्ट- संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: बांदा में किसानों की जमीन पर ‘जबरन रास्ता’ और अवैध खनन का आरोप, मंडलायुक्त से शिकायत



