मिर्ज़ापुर में गूंजा ‘गो सम्मान’ का नारा! हजारों लोग सड़क पर, तहसील में सौंपा ज्ञापन
मिर्ज़ापुर में गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत संत समाज और गो भक्तों ने संकीर्तन यात्रा निकालकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। अभियान का उद्देश्य गो माता की रक्षा, संरक्षण और सामाजिक जागरूकता बढ़ाना बताया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्ज़ापुर शहर सोमवार को एक अलग ही माहौल का गवाह बना, जब “गो सम्मान आह्वान अभियान” के तहत संत समाज, गो भक्तों और नागरिकों ने मिलकर संकीर्तन यात्रा निकाली और तहसील सदर पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी साफ नजर आया। सुबह से ही संकट मोचन हनुमान मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों, वासलीगंज, गिरधर चौराहा और महुअरियां से होती हुई तहसील मुख्यालय तक पहुंची। इस दौरान “गो माता की रक्षा” और “गो संरक्षण” के नारे गूंजते रहे।
5400 तहसीलों में एक साथ अभियान
इस अभियान की खास बात यह रही कि इसे केवल मीरजापुर तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि जानकारी के अनुसार पूरे भारतवर्ष की लगभग 5400 तहसीलों में एक साथ ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम चलाया गया। मिर्ज़ापुर जनपद में भी सदर, लालगंज, मड़िहान और चुनार तहसीलों में संतों, गो भक्तों और मातृशक्तियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
तहसीलों में अलग-अलग जिम्मेदारी, व्यापक संगठन
कार्यक्रम के संचालन के लिए तहसीलवार प्रभारी भी नियुक्त किए गए-
- सदर तहसील: राज माहेश्वरी
- लालगंज तहसील: चंद दत्त त्रिपाठी (एडवोकेट)
- मड़िहान तहसील: संतोष तिवारी
- चुनार तहसील: अभिषेक बजरंगी
जबकि जनपद स्तर पर अभियान की जिम्मेदारी ब्रम्हदास (ब्रम्हदेव त्रिपाठी) ने संभाली। उनके अनुसार यह आंदोलन गो माता की रक्षा, सेवा और संरक्षण के उद्देश्य को लेकर चलाया जा रहा है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन
इस मौके पर जिला प्रभारी ब्रम्हदेव त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के तहत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार के माध्यम से भेजा गया है। इस ज्ञापन पर क्षेत्र के सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षर शामिल हैं, जिसमें गो संरक्षण को लेकर ठोस नीति और प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है।
गो संस्कृति और अर्थव्यवस्था पर जोर
सदर तहसील प्रभारी राज माहेश्वरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गोवंश का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “गो माता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय कृषि, अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संतुलन और स्वास्थ्य से भी गहराई से जुड़ी हुई हैं।” उन्होंने लोगों से अपने घरों में एक गाय पालने का भी आह्वान किया, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जैविक कृषि को बढ़ावा मिल सके।
सामाजिक भागीदारी और जनसमर्थन
इस पूरे कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, श्रीकृष्ण सिंह पटेल, अरविंद सारस्वत, प्रवीण मौर्य, मौसम त्रिपाठी, सौम्या त्रिपाठी, शिवजी दूबे, अशोक कुमार गुप्ता, गरुण तिवारी, निखिल सिंह, शिखा अग्रवाल, सौरभ श्रीवास्तव, किशन कसेरा, विजय दूबे, डॉ. संतोष दुबे, किशन चौरसिया सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सैकड़ों की संख्या में जुटी भीड़ ने इस अभियान को एक जनआंदोलन का रूप दे दिया।
रिपोर्ट -संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: मिर्ज़ापुर: हाईकोर्ट का बड़ा एक्शन! लापरवाही पर लालगंज एसडीएम-तहसीलदार तलब



