बीजेपी के खिलाफ त्रिपुरा में गुस्सा

- सुदीप राय बर्मन ने कहा- वोटों की सुनामी आएगी और हम जीतेंगे
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अगरतला। त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस-वाम गठबंधन का मानना है कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खिलाफ वोटों की सुनामी आएगी क्योंकि लोग सीमावर्ती राज्य में पांच साल से जारी राजनीतिक हिंसा से निराश हैं। कांग्रेस की त्रिपुरा इकाई के नेता सुदीप राय बर्मन ने कहा कि गठबंधन प्रस्तावित ग्रेटर टिपरालैंड राज्य की मांग का समर्थन नहीं करता। उन्होंने कहा कि उनको लगता है कि चुनाव के बाद के परिदृश्य में टिपरा मोथा का एक व्यावहारिक दृष्टिकोण होगा। सुदीप राय बर्मन ने कहा, बीजेपी के खिलाफ वोटों की सुनामी आएगी। लोग निरंतर हिंसा से तंग आ चुके हैं, जिसकी आड़ में सत्ताधारी पार्टी द्वारा किए गए कोई भी विकास कार्य नजर नहीं आते।
उन्होंने कहा, बीजेपी सरकार ने हमें जंगलराज की तरह पेश किया, विपक्ष की आवाज का गला घोंटा, कानून का कोई शासन नहीं है… मेरी भविष्यवाणी है कि कांग्रेस-वाम गठबंधन चुनाव में जीत हासिल करेगा। पांच बार के विधायक एवं राज्य के एक लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे बर्मन 2016 में छह कांग्रेस विधायकों के साथ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। हालांकि ममत बनर्जी नीत पार्टी के राज्य पर अधिक ध्यान न देने का हवाला देते हुए वह एक साल बाद ही बीजेपी में शामिल हो गए।



