गठबंधन से नहीं मिल रहा राज्य दर्जा बहाली को समर्थन: फारुक

- नेंका चीफ ने कांग्रेस पर साधा निशाना
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पुलवामा । नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर की राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन, खासकर कांग्रेस से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनी हुई है, लेकिन गठबंधन इस मुद्दे पर एकजुट और मजबूत रुख अपनाने में विफल रहा है।
जम्मू-कश्मीर के मुद्दों पर ठोस और संयुक्त रणनीति की कमी सबसे बड़ी समस्या है। फारूक ने कहा कि गठबंधन को केवल चुनावी मंच नहीं रहना चाहिए बल्कि देश और जम्मू-कश्मीर के भविष्य जैसे मुद्दों पर नियमित रूप से बैठकें करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष अभी तक ऐसा नेतृत्व नहीं दे पाया है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से मुकाबला कर सके। केंद्र सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करने का आश्वासन प्रधानमंत्री और गृह मंत्री दोनों ने दिया है और उम्मीद है कि चुनावी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इस दिशा में निर्णय लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि बार-बार दिए गए आश्वासनों के बावजूद राज्य का दर्जा बहाल नहीं होता है, तो उनकी पार्टी कानूनी विकल्पों पर भी विचार कर सकती है और सुप्रीम कोर्ट का रुख किया जा सकता है।



