22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप दिल्ली में, 35 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 22वें कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 की घोषणा की है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 22वें कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 की घोषणा की है.
यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक त्यागराज स्टेडियम में होगा. दिल्ली सरकार और TTFI के संयुक्त सहयोग से 35 से अधिक देश हिस्सा लेंगे.
इस मौके पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के चेयरमैन विवेक कोहली, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के सलाहकार बृजेश माथुर, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के उपाध्यक्ष श्री राजीव दुग्गल, दिल्ली स्टेट टेबल टेनिस एसोसिएशन की उपाध्यक्ष दीपाली गुप्ता, दिल्ली स्टेट टेबल टेनिस एसोसिएशन के महासचिव बलबीर सिंह तथा द्रोणाचार्य अवॉर्डी संदीप गुप्ता सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.
कौन-कौन से देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा?
इस प्रतियोगिता में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, नाइजीरिया, केन्या, जमैका, त्रिनिदाद एंड टोबैगो सहित 35 से ज्यादा कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है.
यह अब तक आयोजित होने वाले सबसे बड़े कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस संस्करणों में से एक माना जा रहा है. सात दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के रोमांचक मुकाबले आयोजित होंगे, जिनका समापन 2 अगस्त को भव्य फाइनल मुकाबलों के साथ होगा. आने वाले समय में टिकटिंग, स्वयंसेवकों की भागीदारी और विस्तृत मैच शेड्यूल से संबंधित जानकारियां भी जारी की जाएंगी.



