कानपुर में ‘पेशाब कांड’ का नया मोड़: आरोपी पर पीड़ित को धमकाने का आरोप, वीडियो जारी कर मांगी सुरक्षा
कानपुर के चर्चित पेशाब कांड में नया मोड़ सामने आया है। पीड़ित ने हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वीडियो जारी कर न्याय और सुरक्षा की मांग की गई है।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर में चर्चित ‘पेशाब कांड’ अब एक नए विवाद में घिरता नजर आ रहा है। मामले में पहले से सुर्खियों में रहे आरोपियों के खिलाफ अब पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने एक वीडियो जारी कर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है, जिससे इलाके में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है।
पीड़ित का आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा लगातार उसे और उसके परिवार को धमका रहा है। वीडियो में पीड़ित ने दावा किया कि अगर उसे या उसके परिवार को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपी पक्ष की होगी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
कौन है अमन वर्मा?
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक अमन वर्मा इलाके का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। उस पर कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने के आरोप पहले भी लग चुके हैं। पीड़ित का कहना है कि अमन वर्मा का संबंध कथित सेक्स रैकेट मामले के मुख्य आरोपी रोहित वर्मा से है और दोनों मिलकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
पीड़ित ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
वीडियो में पीड़ित ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद उसे पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिली। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं, लेकिन कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित दिखाई दे रही है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उसे सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। उसने यह भी कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पीड़ित का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
फिलहाल पूरे मामले में सभी की नजर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। यह देखना अहम होगा कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस क्या कदम उठाती है। यदि पीड़ित के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला कानून-व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही दोनों पर बड़े सवाल खड़े कर सकता है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: कानपुर: जेल में बंद आरोपी के पोस्टर से हुआ नई KESCO MD नेहा जैन का स्वागत, विभाग में मचा हड़कंप



