मिर्जापुर में सिलेंडर फटने से भीषण आग, एक ही परिवार की चार गृहस्थियां जलकर राख

मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र के चक कोटार गांव में सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार की चार गृहस्थियों का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। चक कोटार गांव में सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में एक ही परिवार की चार गृहस्थियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा अनाज, घरेलू सामान, गैस सिलेंडर और पशुओं का चारा तक जलकर राख हो गया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देर रात उठती आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पीआरबी 112 की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

किचन से शुरू हुई आग ने पूरे घर को घेरा

जानकारी के अनुसार, चक कोटार गांव निवासी कैलाश मौर्य के घर के पीछे बने किचन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान में फैल गई। परिवार के लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकले, लेकिन घर में रखा सामान नहीं बचाया जा सका। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में दमकल कर्मियों का सहयोग किया, लेकिन तब तक नुकसान काफी बड़ा हो चुका था।

लाखों का सामान जलकर खाक

गृहस्वामी कैलाश मौर्य ने बताया कि आग में करीब 15 बोरी सरसों, 20 बोरी गेहूं, 16 बोरी चावल, तीन बोरी अरहर दाल, एक कुंतल चना, 10 किलो हल्दी, एक कुंतल प्याज, एक कुंतल लहसुन, एक कुंतल गुड़ और दो गैस सिलेंडर जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा करीब 20 कुंतल सूखा चारा, कूकर, बर्तन और घर का अन्य सामान भी राख हो गया। परिवार के अनुसार, कैलाश मौर्य के चारों बेटे अलग-अलग गृहस्थी बनाकर उसी मकान में रहते थे। आग लगने से चारों परिवारों की पूरी गृहस्थी खत्म हो गई है।

प्रशासन से मदद की मांग

घटना की जानकारी लेखपाल को दे दी गई है। वहीं ग्राम प्रधान असानी ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार को भारी नुकसान हुआ है और ऐसे समय में प्रशासनिक मदद बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। फिलहाल हादसे के बाद परिवार सदमे में है और गांव में भी घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: कानपुर में दबंगों का आतंक: गोविंद नगर के चावला चौराहे पर गाड़ियों पर पथराव, इलाके में दहशत

Related Articles

Back to top button