कानपुर में गुंडाराज! युवक को घेरकर दबंगों ने बरसाए ईंट-पत्थर
उत्तर प्रदेश के कानपुर से दबंगई और गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। किदवई नगर थाना क्षेत्र के जूही डिपो के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर से दबंगई और गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। किदवई नगर थाना क्षेत्र के जूही डिपो के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई।जब कुछ सड़कछाप गुंडों ने चाय की टपरी पर बैठे एक युवक पर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में गहरी चोटें आई हैं। घायल युवक को आनन-फानन में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक रोज की तरह इलाके की एक चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और अचानक उस पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते हमलावरों ने युवक को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले के दौरान इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। बताया जा रहा है कि हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने सरेआम युवक को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग युवक पर हमला कर रहे हैं। वीडियो में हमलावर युवक को घेरकर उसके ऊपर ईंट और पत्थरों से वार करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घायल युवक के पिता ने किदवई नगर थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इलाके में बढ़ती गुंडागर्दी से लोगों में डर
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में आए दिन असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



