सरासर अन्याय कर रही है सरकार : महबूबा

- पीडीपी नेता तालिब चौधरी के समर्थन में उतरीं पूर्व सीएम
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
श्रीनगर। जम्मू के सिधरा में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान गिरफ्तार हुए पीडीपी नेता तालिब चौधरी के समर्थन में महबूबा मुफ्ती ने आवाज उठाई है। उन्होंने चौधरी की गिरफ्तारी को हाशिए पर पड़े आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए लडऩे की सजा बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई भारत के साथ हमेशा खड़े रहने वाले गुर्जर-बकरवाल समुदाय को गलत संदेश देती है। पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने अपने पार्टी नेता और आदिवासी अधिकार कार्यकर्ता तालिब चौधरी की रिहाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी गिरफ्तारी गुर्जर-बकरवाल समुदाय को एक ‘‘बेहद नकारात्मक संदेश’’ देती है।
महबूबा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पीडीपी नेता और प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता तालिब चौधरी को हाशिए पर पड़े आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए लडऩे के कारण जेल भेज दिया गया है।’’ चौधरी को जम्मू के सिधरा इलाके में अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ झड़प के बाद एक जून को गिरफ्तार किया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सिधरा में मनमानी तोडफ़ोड़ की कार्रवाई के खिलाफ शांतिपूर्ण मार्च निकालने मात्र से उनके (चौधरी) साथ अपराधी जैसा व्यवहार करना, भारत के साथ हमेशा खड़े रहने वाले गुर्जर-बकरवाल समुदाय को एक ‘बेहद नकारात्मक संदेश’ देता है।



