उन्नाव में अवैध मदरसे पर कार्रवाई, कोर्ट आदेश के बाद चला बुलडोजर
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के माखी थाना क्षेत्र स्थित इसुनिया गांव में जिला प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मदरसे के अवैध हिस्से को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के माखी थाना क्षेत्र स्थित इसुनिया गांव में जिला प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मदरसे के अवैध हिस्से को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में स्थित मदरसे के निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि मदरसे का निर्माण बिना आवश्यक अनुमति और नियमों का पालन किए किया गया है। शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू हुई और यह विवाद न्यायालय तक पहुंच गया था।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में न्यायालय ने संबंधित निर्माण को लेकर बेदखली का आदेश जारी किया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने मदरसा प्रबंधन को कई बार नोटिस जारी कर अवैध निर्माण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए थे। हालांकि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, अवैध निर्माण को लेकर अंतिम नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस बल के सहयोग से मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीते दिन कुछ सामाजिक संगठनों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन से अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन ने कानून और न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के विरुद्ध पाए जाने वाले निर्माणों पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की गई है।
रिपोर्ट- रंजन बाजपेई “निडर”,उन्नाव



